रांची एक्सप्रेस के संपादक बलबीर दत्त को पत्रकारिता में उनके विशिष्ट योगदान के लिए वर्ष 2011 के लिए ”देशरत्न राजेन्द्र पत्रकारिता शिखर सम्मान” से सम्मानित किया गया. केशवराम भट्ट पत्रकारिता सम्मान 2011, हिन्दुस्तान (पटना) के प्रमुख संवाददाता आलोक चन्द्र को और बाबूराव पटेल रचनाधर्मिता सम्मान 2011 दैनिक जागरण, छपरा के छायाकार कमल किशोर पांडेय को प्रदान किया गया.
विश्व संवाद केन्द्र (पटना) के तत्वावधान में आयोजित देवर्षि नारद स्मृति कार्यक्रम के अवसर पर यह सम्मान पूर्व केन्द्रीय मंत्री डा. सुब्रमण्यम स्वामी ने प्रदान किया. इस अवसर पर बिहार मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति एसएन झा की अध्यक्षता में ‘भ्रष्टाचार समाधान एवं जनसहभागिता’ विषय पर संगोष्ठी का आयोजन हुआ. मुख्य अतिथि पूर्व केन्द्रीय मंत्री डा. सुब्रमण्यम स्वामी ने देश में फैल रहे भ्रष्टाचार को खतरनाक बताते हुए देश की मजबूत संस्कृति और सनातन धर्म के संस्कार को मजबूती के साथ स्थापित करने पर बल दिया.
डा. स्वामी ने कहा कि दुनिया की पुरानी संस्कृति वाले कई देश ग्रीस, एजिप्ट, रोम आदि की अपनी संस्कृति पूरी तरह मिट गयी, इसकी जड़ में वहां के समाज का भ्रष्ट होना रहा. भ्रष्टाचार में भी भ्रष्टाचार रहा और मुगलों व अंग्रेजों का शासन आया लेकिन सनातन धर्म के कारण देश की संस्कृति नष्ट नहीं हुई. डा. स्वामी ने 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले से लेकर कई घोटालों की चर्चा करते हुए कांग्रेस और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी पर प्रहार किया. 2जी स्पेक्ट्रम मामले की चर्चा करते हुए कहा कि अभी राजा जेल गए हैं, आगे पी. चिदम्बरम भी जेल जायेंगे.
उन्होंने प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह को रीढ़विहीन बताते हुए कहा कि लगता है कि अब रीढ़ की हड्डी आने लगी है, ऐसा कर्नाटक में राष्ट्रपति शासन के मामले में राज्यपाल की रिपोर्ट पर प्रधानमंत्री के रुख से लगता है. डा. स्वामी ने भ्रष्टाचार को देश की प्रमुख बीमारी बताया. वरिष्ठ पत्रकार व माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विवि के पूर्व कुलपति अच्युतानन्द मिश्र ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई के लिए सबसे पहले पत्रकारिता को तैयार रहना होगा, जो पिछले दिनों अन्ना हजारे के सत्याग्रह को लेकर दिखा लेकिन दुखद स्थिति तो यह है कि आज की पत्रकारिता ने सत्ता व व्यवस्था के साथ समझौता कर लिया है.
रांची एक्सप्रेस के संपादक बलवीर दत्त ने कहा कि आज बड़े देशों में भ्रष्टाचार के मामले में भारत सबसे ऊपर है. हमारी गुलामी का कारण भी भ्रष्टाचार ही रहा है. जिस भारत को जगतगुरु कहा जाता था आज भ्रष्टाचार के मामले में जगत गुरु हो गया है. उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार की शुरुआत राजनीति से ही हो रही है. खासकर चुनाव खर्च का बढ़ता जाना इसकी जड़ में है. उन्होंने देश में नैतिक शिक्षा की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि आज सिर्फ डिग्रियां दी जा रही है. कार्यक्रम के समापन के पूर्व विश्व संवाद केन्द्र द्वारा प्रशिक्षित छात्र-छात्राओं को पत्रकारिता प्रशिक्षण प्रमाण प्रदान किया गया अतिथियों का स्वागत संजीव कुमार ने और विश्व संवाद केन्द्र की गतिविधियों की जानकारी संजीव चौरसिया ने दी.












Kalyan Kumar Sinha
May 20, 2011 at 4:46 pm
रांची एक्सप्रेस के संपादक बलवीर दत्त ek samarpit पत्रकार hain. पत्रकारिता में उनके विशिष्ट योगदान के लिए वर्ष 2011 के लिए ”देशरत्न राजेन्द्र पत्रकारिता शिखर सम्मान” से सम्मानित किया जाना पत्रकारिता का सम्मान है.
bhupender singh bhatia
May 20, 2011 at 8:11 pm
Balbir datt ji wakai bhartiy patrkarita ke stambh hai. patrkarita me unke yogdaan ko bhulaya nahi jaa sakta. Sir congratulation