मिस्र में सत्ता के खिलाफ आम जनता की बगावत को कवर कर रहे पत्रकारों पर जुल्म लगातार जारी है. अरब के प्रमुख चैनल अल जजीरा ने कहा है कि मिस्र में जनता की बगावत को कवर कर रहे उसके छह पत्रकारों को मिस्र सरकार ने गिरफ्तार कर लिया है. वहीं पोलैंड के एक पत्रकार और कैमरामैन को भी मिस्र में बंधक बनाए जाने की खबर है.
सरकार की तरफ से अल जजीरा के पत्रकारों को गिरफ्तार करने का यह कदम इस चैनल पर बैन लगने के बाद उठाया गया है. उल्लेखनीय है कि मिस्र सरकार ने अल जजीरा के प्रसारण पर रोक लगा रखी है. जिसके बाद से इस चैनल का प्रसारण मिस्र में पूरी तरह बंद है. सभी छह पत्रकारों को होटल से गिरफ्तार किया गया.
पोलैंड टीवी के पत्रकार राबर्ट एल गेण्डी और कैमरामैन क्रिकेट कोलोसियोनेक को मिस्र के सुरक्षाकर्मियों ने एक होटल में बंधक बना लिया. इन्हें होटल से बाहर नहीं निकलने दिया जा रहा है. मिस्र सरकार देश में बगावत से जुड़ी खबर के प्रसारण को किसी भी कीमत पर रोकना चाहती है.
कल सरकार विरोधी आंदोलन को कवर कर रहे बीबीसी के पत्रकार असद सावे को पुलिस ने पीटकर घायल कर दिया था. पुलिस ने उनका कैमरा भी छिन लिया था.
मीडिया को कुचलने की कोशिशों की बीच भी मिस्र में बगावत लगातार जारी है. मिस्र की आम जनता होस्नी मुबारक की सरकार को किसी भी कीमत पर उखाड़ फेंकना चाहती है.












madan kumar tiwary
February 1, 2011 at 5:32 am
होसनी मुबारक का हस्त्र कहीं अनवर सादात की तरह न हो।