रांची के मेगा स्पोर्टस काम्पलेक्स से डीसी व एसएसपी ने मीडियाकर्मियों को जबरिया बाहर निकलवा दिया. इसकी घोषणा बाकायदे माइक से की जा रही थी. मीडियाकर्मी इस आदेश का मतलब और कारण जान पाते उसके पहले ही पुलिसवालों ने उनको पकड़-पकड़ कर स्टेडियम से बाहर निकाल दिया. एसएसपी खुद पहचान कर मीडियाकर्मियों को बाहर कर रहे थे.
नेशनल गेम्स के कवरेज के लिए दिल्ली, कोलकाता, मुंबई समेत कई अन्य शहरों के भी पत्रकार रांची में आए हुए हैं. इन सभी पत्रकारों एवं छायाकारों के स्टेडियम परिसर में प्रवेश पर रोक लगा दी गई. सभी को बाहर का रास्ता दिखा दिया गया. जिन पत्रकारों के पास स्टेडियम में प्रवेश का पास था, उन्हें भी बहरिया दिया गया.
जब मीडियाकर्मियों ने इस बारे में डीसी और एसएसपी से पूछा तो उन्होंने बताया कि यह मीडिया कमेटी का आदेश है. जब इस बारे में मीडिया कमेटी के चेयरमैन डीके तिवारी से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि ऐसा कोई आदेश नहीं दिया गया है. इस बात को लेकर पत्रकारों ने सचिव के सामने अपना विरोध भी जताया. जिसके बाद सचिव ने आश्वासन दिया कि ऐसी घटना दोबारा नहीं घटेगी.











