वरिष्ट पत्रकार और राष्ट्रीय सहारा, देहरादून के स्थानीय संपादक राजेश श्रीनेत को दिल का दौरा पड़ने से उन्हें नोएडा स्थित मेट्रो हास्पिटल में भर्ती कराया गया है। वे नई दिल्ली में अखबार की एक मीटिंग में आए थे और लखनऊ के लिए जा रहे थे। रास्ते में उन्हें दिल के पास दर्द सा महसूस हुआ तो उन्होंने फौरन एक स्थानीय डाक्टर से चेक कराया। डाक्टर ने उन्हें बिना देर किए हार्ट स्पेशलिस्ट के पास जाने को कहा। उन्हें एंबुलेंस के जरिए नोएडा के सेक्टर 12 और 22 के चौराहे पर स्थित मेट्रो हार्ट हास्पिटल में भर्ती कराया गया।
जांच-पड़ताल के बाद डाक्टरों ने पाया कि उनके हार्ट की एक नस में अवरोध है जिसे मामूली आपरेशन के जरिए ठीक किया गया है। राजेश की हालत अब ठीक है। वे स्वस्थ और आराम महसूस कर रहे हैं।
राजेश श्रीनेत लंबे समय तक अमर उजाला बरेली में रहे हैं। बाद में उन्हें अमर उजाला, इलाहाबाद का प्रभार सौंपा गया। उन्होंने अपने कार्यकाल में अमर उजाला के इलाहाबाद संस्करण को प्रसार और कंटेंट के मामले में नई ऊंचाई दी। दैनिक हिंदुस्तान के वाराणसी संस्करण की लांचिंग का श्रेय भी राजेश जी को जाता है। उनके नेतृत्व में तेज तर्रार पत्रकारों की टीम ने दैनिक हिंदुस्तान को वाराणसी का प्रिय अखबार बना दिया। बाद में कई वजहों के चलते उन्हें वहां से इस्तीफा देना पड़ा। इसके बाद वे लखनऊ में रहकर खुद की एक पत्रिका का प्रकाशन करते रहे। बाद में राष्ट्रीय सहारा के देहरादून संस्करण की लांचिंग उनके नेतृत्व में की गई।
भड़ास4मीडिया की तरफ से उनके शीघ्र स्वस्थ होकर काम पर लौटने की कामना।











