एक अच्छी खबर और दूसरी दुखद सूचना। अच्छी खबर यह कि राष्ट्रीय सहारा, देहरादून के स्थानीय संपादक राजेश श्रीनेत अब पूरी तरह स्वस्थ हैं और नोएडा स्थित मेट्रो हार्ट हास्पिटल से डिस्चार्ज हो चुके हैं। उन्हें दिल के दौरे के बाद यहां भर्ती कराया गया था। बाद में उनका मामूली आपरेशन करना पड़ा। दूसरी खबर भोपाल से है। दैनिक भास्कर, भोपाल संस्करण के होशंगाबाद के रिपोर्टर सुनील यादव के बारे में एक मेल के जरिए भड़ास4मीडिया को सूचित किया गया है कि उन्हें ब्रेन ट्यूमर हो गया है।
सुनील को भोपाल से इलाज के लिए दिल्ली भेजा गया था पर यहां आर्थिक दिक्कतों के चलते वे इलाज न करा सके। वे वापस भोपाल लौट गए हैं। वहां बीएचएमआरसी में उनका आपरेशन होगा। भड़ास4मीडिया सुनील के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता है और भोपाल के पत्रकारों से अपील करता है कि वो सुनील के साथ इस मौके पर खड़े हों और हर संभव मदद करें। साथ ही उनकी हालत के बारे में अपडेट से भड़ास4मीडिया को भी अवगत कराते रहें।











