दो दुखद सूचनाएं हैं। हिंदी के दो वरिष्ठ पत्रकार साथी अब इस दुनिया में नहीं रहे। हसन नजमी और केदार महतो के निधन की सूचनाएं भड़ास4मीडिया को दी गई है। लोकमत समाचार, औरंगाबाद के मुख्य उप संपादक हसन नजमी का शुक्रवार तड़के 5 बजे निधन हो गया। 53 वर्षीय नजमी साहब लोकमत समाचार के औरंगाबाद संस्करण की स्थापना काल से जुड़े़ हुए थे। स्वभाव से मृदुभाषी होने के साथ कुशल रिपोर्टर भी थे। पिछले 16 वर्षों के अपने कार्यकाल में नजमी साहब ने बेहतरीन छवि बनायी और नए पत्रकारों के लिए उदाहरण बन गए।
अपने पीछे पत्नी के अलावा तीन बच्चों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गएं हैं। नजमी साहब के असमय निधन के कारण लोकमत समाचार के सम्पादकीय विभाग के अलावा उनके पुराने साथी शोकाकुल हैं। हम सभी उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करतें हैं।
उधर, जमशेदपुर से खबर है कि वरिष्ठ पत्रकार केदार महतो का निधन हो गया है। महतो कैंसर से पीड़ित थे। जमशेदपुर के कई अखबारों से महतो साहब का नाता था। जमशेदपुर प्रेस क्लब ने महतो के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है।











