वायस आफ इंडिया की आउटपुट की कोर टीम के नौ लोगों ने एक साथ इस्तीफा दे दिया है। इनके नाम हैं – डाक्टर मनीष कुमार (सीनियर प्रोड्यूसर), अपूर्व श्रीवास्तव (सीनियर प्रोड्यूसर), मोहम्मद सईद (प्रोड्यूसर), आलोक रंजन (प्रोड्यूसर), आदित्य चौहान (क्राइम शो के प्रोड्यूसर), मुकुंद शाही (क्राइम शो के प्रोड्यूसर), उमंग मिश्रा (प्रोड्यूसर), राहुल मिश्रा (प्रोड्यूसर) और मोहित मिश्रा (प्रोड्यूसर)। इस्तीफा देने के बाद भड़ास4मीडिया को इन लोगों ने जानकारी दी कि चैनल के नान-जर्नलिस्टिक इनवायरमेंट और मालिकों के गाली-गलौज करने से तंग आकर इतना बड़ा कदम उठाना पड़ा। दूसरी वजह खराब टेक्नालजी है। इस टेक्नालजी के साथ कुछ करना संभव नहीं। हेडलाइन एडिट करने व चेंज करने में तीन घंटे का समय लगता हो तो कोई कैसे काम कर सकता है।
इस्तीफा देने वालों ने बताया कि चैनल में ईपी लेवल के आदमी तक से गाली-गलौज होती है। इसके चलते पिछली बार की जीबीएम में ही तय कर लिया गया था कि इस्तीफा देना है लेकिन कब और कैसे, यह तय नहीं था। कल मालिक के एक आदमी ने एक सीनियर प्रोड्यूसर के साथ बदतमीजी की तो उसी के बाद सबने तुरंत इस्तीफा दे दिया। इन लोगों का कहना है कि सोमवार को आउटपुट से 7 लोग और इस्तीफा देंगे। इसके अलावा इनपुट के भी कई लोग इस्तीफा देने की तैयारी में हैं।
आउटपुट के जिन 9 लोगों ने इस्तीफा दिया है उनमें से कुछ लोगों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि वे लोग इतने परेशान हो चुके थे कि बिना कहीं नौकरी तलाशे ही इस्तीफा दे दिया। हालांकि चैनल की तरफ से कई माध्यमों के जरिए फिर से वापसी कराने की कोशिशें हो रही हैं लेकिन सभी नौ लोगों ने तय कर लिया है कि किसी हाल में वापस नहीं लौटना है।











