कुछ खबरें इलेक्ट्रानिक मीडिया से। एक मेल के जरिए बताया गया है कि तीन महीने पहले स्टार न्यूज, मुंबई के दो रिपोर्टर सचिन भिड़े और सुबोध मिश्रा स्टार न्यूज को अलविदा कह कर अच्छे पैकेज पर वाइस ऑफ इंडिया, मुंबई ज्वाइन किए पर अब ये फिर घर वापस लौट आए हैं। ये अब फिर से स्टार न्यूज, मुंबई में ज्वाइन कर चुके हैं।
दूसरी खबर पत्रकार असित नाथ तिवारी से जुड़ी। सूचना है कि एक साल के बनवास के बाद असित ने भोजपुरी के महुआ न्यूज चैनल को ज्वाइन कर लिया है। दैनिक जागरण समाचार पत्र से अपने करियर की शुरुआत करने वाले असित अपनी तेवरदार पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
तीसरी खबर मेरठ से
एक टीवी चैनल के मेरठ में स्टिंगर विनोद महाजन से पुलिस वालों की मारपीट के मामले में पुलिस ने विनोद महाजन पर कई मुकदमे गंभीर धाराओं में दर्ज कर दिए हैं। यह मामला पत्रकार बनाम पुलिस का होता जा रहा है। बताया जाता है कि कई पत्रकार बंधु गुपचुप तरीके से पुलिस की मदद करने में भी लगे हैं। विनोद महाजन पर अतीत में भी पुलिस से उलझने के कई मामले होने के कारण इस बार पुलिस उन्हें बख्शने के मूड में नहीं दिख रही है। इस मामले को लेकर पत्रकारों में भी गुटबाजी हो चुकी है।











