पर्ल ग्रुप से सूचना आ रही है कि पोलिटिकल-सोशल मैग्जीन ”शुक्रवार” में विष्णु नागर को नए संपादक के रूप में नियुक्त करने की तैयारी चल रही है. सूत्रों के अनुसार अभी तक संपादक के रूप में काम देख रहे प्रदीप पंडित के कांट्रैक्ट को री-न्यू नहीं किया गया जिसके कारण उन्हें पर्ल ग्रुप से विदा लेना पड़ा.
प्रबंधन को किसी ऐसे वरिष्ठ पत्रकार की संपादक के रूप में तलाश थी जो अपने विचार व तेवर से इस मैग्जीन को जनपक्षधर व लोकप्रिय बना सके. पर्ल प्रबंधन की विष्णु नागर से बाचतीच शुरू हुई और अंततः बात बन भी गई. माना जा रहा है कि एक-दो दिन में विष्णु नागर संपादक के रूप में शुक्रवार मैग्जीन का काम संभाल लेंगे.
ज्ञात हो कि इस मैग्जीन को श्रीकांत त्रिपाठी के नेतृत्व में लांच किया गया था. पर बाद में कुछ विवादों के कारण श्रीकांत को मैग्जीन से विदा होना पड़ा और उनकी जगह प्रदीप पंडित लाए गए. प्रदीप पंडित के जाने के बाद अब विष्णु नागर मैग्जीन का कामधाम संभालेंगे. विष्णु नागर हिंदी के जाने माने कवि और पत्रकार हैं. हाल-फिलहाल तक वे नई दुनिया, दिल्ली में वरिष्ठ पद पर कार्यरत थे. उसके पहले वे कादंबिनी के संपादक थे. ”शुक्रवार” मैग्जीन से जुड़ने के बारे में जब विष्णु नागर से कनफर्म करने का प्रयास किया गया तो उनके मोबाइल पर घंटी जाती रही, उन्होंने फोन नहीं उठाया.
विष्णु नागर के बारे में ज्यादा जानकारी के लिए इन शीर्षकों पर क्लिक करें….
गरीब का कोई रिश्तेदार नहीं होता
चेलों ने एसपी को बढ़ा-चढ़ा कर पेश किया











