मीडिया हलके की एक बड़ी खबर के अनुसार राज एक्सप्रेस के मालिक और भोपाल के स्थानीय संपादक हृदयेश दीक्षित के घर इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने छापा मारा है। हालांकि कुछ भी बरामदगी के बारे में अभी खबर नहीं मिल पाई है पर इस छापे से राज एक्सप्रेस की छवि को धक्का पहुंचने की बात बताई जा रही है। सूत्रों का कहना है कि ये छापा भी मीडिया घरानों की जंग का एक हिस्सा हो सकता है।
भोपाल के लोगों का भी मानना है कि प्रतिद्वंद्वी अखबार अब अपने रसूख और संबंधों का इस्तेमाल विरोधी अखबारों की छवि खराब करने और उन्हें नीचा दिखाने में करने लगे हैं। हालांकि इस घटनाक्रम से राज एक्सप्रेस को लोगों की सहानुभूति भी मिलनी शुरू हो गई है। छापे के बारे में बताया जाता है कि इसमें कुछ भी आपत्तिजनक नहीं बरामद हुआ है। कुछ लोग छापे को रूटीन घटनाक्रम बताकर इसे हल्के में लेने की बात कह रहे हैं। जो भी हो, पर संपादक के घर इनकम टैक्स का छापा पड़ना ही अपने आप में कहता है कि ये अब वो दौर नहीं रहा जहां संपादक की जिंदगी खुली किताब जैसी होती थी और संपादक के घर जाना तो दूर, आफिस में मिलना भी किसी मंत्री के लिए मुश्किल हुआ करता था। अब बाजार के बढ़ते प्रभाव से स्थितियां पूरी तरह बदल गई हैं।











