सहारा समूह के चैनल समय का समय इन दिनों ठीक नहीं चल रहा है। अंदरखाने काफी उथल-पुथल मची है। ताजी सूचना है कि इस चैनल के स्पोर्ट्स हेड राजा रमन की छुट्टी कर दी गई है। स्पोर्ट्स की कमान अब संजय बनर्जी के हाथों में दे दी गई है। समय से जुड़े सूत्रों का कहना है कि सहारा प्रबंधन इन दिनों अपने चैनलों से कई लोगों को बाहर करने की तैयारी में है। इसकी शुरुआत राजा रमन से हो गई है। हालांकि इसके पहले सहारा समय के यूपी चैनल से राज मिश्रा की भी छुट्टी किए जाने की सूचना है। सूत्रों के मुताबिक सहारा प्रबंधन ने उन लोगों को निशाना बनाया है जिनका पैकेज तो काफी लंबा चौड़ा है लेकिन काम उस अनुपात में नहीं है या फिर काम के प्रति उतनी सक्रियता नहीं है। छंटनी की गु्प्त प्रक्रिया शुरू होने से चैनल के पत्रकारों में खलबली मची हुई है।
उल्लेखनीय है कि पुण्य प्रसून वाजपेयी के समय के चैनल हेड पद से इस्तीफा देने के बाद इस चैनल के हेड अब संजय ब्रागटा हैं। संजय ब्रागटा भी पुण्य प्रसून की टीम के साथी थे। पुण्य के साथ आए ज्यादातर लोगों ने उनके साथ ही इस्तीफा दे दिया था लेकिन जो कुछ लोग इस चैनल के साथ रह गए उनमें संजय ब्रागटा भी हैं। अब देखना है कि सहारा के चैनलों में छंटनी की कवायद में आगे किसकी बारी आती है।











