कई नए चैनल और अखबार शुरू होने से अपने पत्रकारों को दूसरी जगह जाने से रोकने के लिए सहारा प्रबंधन ने बड़े पैमाने पर वेतन में बढ़ोत्तरी की है और बड़ी संख्या में प्रमोशन भी दिए हैं। सबसे ज्यादा फायदा मध्य प्रदेश चैनल में काम करने वालों को हुआ है। यहां कई लोगों को प्रोड्यूसर बनाकर 10 से 20 हजार तक वेतन बढ़ाया गया है। सहारा से जुड़े लोगों का कहना है कि मध्य प्रदेश में जी समूह, साधना तथा अन्य के रीजनल चैनल शुरू होने के कारण सहारा के मध्य प्रदेश चैनल के लोगों की तनख्वाह अधिक बढ़ी है। वैसे भी यह चैनल सहारा के लिए कमाऊ पूत साबित हो रहा है। खबर यह भी है कि बढ़े हुए वेतन के बाद भी कई लोग सहारा टीवी छोड़ने की तैयारी में हैं।
रायपुर से शीध्र प्रारंभ होने जा रहे न्यूज चैनल जी 24 घंटे छत्तीसगढ़ में कई पत्रकारों की नियुक्तियां हुई हैं जिसमें दैनिक भास्कर, रायपुर के समरेंद्र शर्मा ने एसोसिएट प्रोडूयसर के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया है। समरेंद्र रायपुर के कई स्थानीय दैनिकों में कार्य कर चुके हैं। इन दिनों वे दैनिक भास्कर में सिटी भास्कर के इंचार्ज थे। रायपुर यूएनआई के संवाददाता शिरीष मिश्रा पहले ही असाइनमेंट हेड के रूप में जी ज्वाइन कर चुके हैं। मूलतः जबलपुर के रहने वाले शिरीष की रायपुर के युवा पत्रकारों में खास पहचान है। इसी तरह रेडियो रंगीला की रेडियो जाकी दीपिका राव ने प्रोडक्शन एक्जीक्यूटिव के रूप में इसी चैनल में काम शुरू कर दिया है। एम फिल्म, दिल्ली में कार्यरत रहे अक्षय कुमार झा ने भी प्रोडक्शन एक्जीक्यूटिव के पद पर काम संभाल लिया है।











