उत्तरी बंगाल का पहला एफएम स्टेशन रेडियो मिष्टि 94.3 एफएम अब सिक्किम में अपनी संगीतमय मिठास बिखेरने जा रहा है। सिक्किम में यह रेडियो स्टेशन अगस्त महीने में आन एयर होगा। खूबसूरत प्रदेश सिक्किम को रेडियो मिष्टि की तरफ से यह संगीतमय तोहफा तो होगा ही, रेडियो मिष्टि को पहला एफएम स्टेशन होने का गौरव भी प्राप्त होगा। रेडियो मिष्टि के चीफ एक्जीक्यूटिव आफिसर निशांत मित्तल ने भड़ास4मीडिया को कई जानकारियां दीं।
सीईओ निशांत मित्तल ने बताया कि सिक्किम की राजधानी गंगटोक में रेडियो मिष्टि का आफिस व स्टूडियो होगा। गंगटोक से ही सिक्किम की स्थानीय प्रतिभाओं को मौका और बढ़ावा दिया जाएगा। वैसे भी रेडियो मिष्टि का नारा है- ”लोकल पीपुल – लोकल वायस – लोकल स्टेशन – लोकल च्वायस”। निशांत के अनुसार रेडियो मिष्टि अपने विभिन्न प्रयोगधर्मी व जन भागीदारी वाले कार्यक्रमों में स्थानीय लोगों को शरीक करते हुए स्थानीय परंपराओं, धरोहरों, संस्कृतियों को बढ़ावा देने का कार्य करता है।
श्री मित्तल के मुताबिक एक प्रतिष्ठित रिसर्च एजेंसी ने संगीत पर जो सर्वे किया उसी के नतीजे के अनुरूप हम स्थानीय लोगों की अभिरुचि के अनुसार संगीत सुनाते हैं। हरियाली और पर्यावरण प्रेमी राज्य सिक्किम के स्वभाव के अनुसार ही रेडियो मिष्टि ने मार्केटिंग व जन जुड़ाव अभियान डिजाइन किए हैं। सिक्किम के लोग प्रकृति के साथ संगीत के बेहद प्रेमी हैं और उनकी इसी संवेदना को ध्यान में रखते हुए उनके लिए संगीत के कई तरह के कार्यक्रम तैयार कराए जा रहे हैं।
सीईओ निशांत ने जानकारी दी कि रेडियो मिष्टि का बीबीसी के साथ भी पार्टनरशिप है। रेडियो मिष्टि पहला एफएम स्टेशन है जो बीबीसी टाप आफ द पाप को प्रसारित करता है। इस कार्यक्रम में साप्ताहिक ब्रिटिश संगीत चार्ट के अलावा भी ढेर सारा कुछ होता है। नामी गिरामी लोगों के इंटरव्यू के अलावा लाइव व स्टूडियो परफारमेंस, ब्रिटिश एलबम व एकल हिट्स भी इसमें होते हैं।
उल्लेखनीय है कि ”गुनगुनाते रहो” की टैगलाइन के साथ रेडियो मिष्टि 94.3 एफएम सिलिगुड़ी में वर्ष 2007 में लांच हुआ था और इसे इलाके का पहला एफएम स्टेशन होने का गौरव प्राप्त हुआ। इस एफएम स्टेशन के कार्यक्रमों को सिलिगुड़ी के आसपास 80 किमी के दायरे में सुना जाता है। रेडियो मिष्टि के कार्यक्रम हिंदी, बंगाली, नेपाली और अंग्रेजी कुल चार भाषाओं में प्रसारित होते हैं।











