सिरसा शहर थाना पुलिस ने रानिया गेट क्षेत्र से तीन फर्जी पत्रकारों को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि ‘राष्ट्रीय चौकीदार’ व ‘जुर्म की दुनिया’ समाचार पत्र का पत्रकार बनकर ये लोग डिपो होल्डर से पैसे ऐंठ रहे थे। आरोपियों की पहचान कीर्तिनगर की रामगली के रहने वाले कृष्ण सचदेव, रानियां गेट निवासी रामरत्न व थाना रोड फतेहाबाद निवासी राजेंद्र के रूप में हुई।
जिला खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी अशोक बंसल ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से ये तीनों नकली पत्रकार माधोसिंघाना, मल्लेकां, सलारपुर व अन्य गांवों में डिपो होल्डरों के पास जाकर डांस प्रतियोगिता के नाम पर 500 से 1000 रुपए तक की पर्ची काटते थे। काफी समय से इनका इस प्रकार का पैसे कमाने का धंधा चल रहा था। गत दिवस डिपो होल्डर अशोक बंसल ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक धर्मवीर गोयत को दी। श्री बंसल ने बताया कि तीनों टैक्सी से डिपो होल्डरों के पास उगाही करने निकलते थे और आज जैसे ही उन्हें सूचना मिली कि तीनों डिपो होल्डरों के पास पैसे लेने जा रहे हैं तो उन्हें पकडऩे केका प्लान बनाया गया।
तय योजना के मुताबिक आज रानियां गेट क्षेत्र में अशोक बंसल, विभाग के इंस्पेक्टर नरेंद्र सरदाना व अन्य अधिकारियों ने नगर पार्षद राजेंद्र गुज्जर के घर के पास तीनों को उस समय दबोच लिया जब वे डिपो होल्डरों के पास जा रहे थे। मामले की सूचना पुलिस व मीडियाकर्मीयों को भी दी गई। उक्त लोगों को पकड़कर पुलिस थाने ले आई। जहां पर डिपो होल्डरों ने डांस प्रतियोगिता की काटी गई पर्चियां भी दिखाई। बताया जा रहा है कि फतेहाबाद निवासी राजेंद्र के खिलाफ फतेहाबाद में भी फर्जी पत्रकारिता का मामला दर्ज है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत अभियोग दर्ज कर लिया है।
सिरसा से रविंद्र सिंह की रिपोर्ट











