बोकारो जिले के पेटरवार के हॉकर उमा शंकर महतो की आठ दिनों पूर्व हत्या कर दी गई थी, परन्तु पुलिस को आठ दिनों बाद भी हत्यारों का कोई सुराग नहीं मिल सका है. परिजनों ने हत्या के बाद एक व्यक्ति पर शक जाहिर किया था, परन्तु पुलिस उससे कोई खास जानकारी नहीं ले सकी. स्थानीय पुलिस की सुस्त कार्यप्रणाली से नाराज हॉकर के परिजन सोमवार को एसपी कुलदीप द्विवेदी से मिलकर शंकर के हत्यारों को गिरफ्तार करने की मांग की.
शंकर महतो पिछले सप्ताह अचानक गायब हो गए थे. परिजनों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी. पुलिस ने अपने स्तर से खोजबीन शुरू की. इसी बीच शंकर महतो के पुत्र को जानकारी मिली कि उनके पिता एक भोज में शामिल होने के लिए गए थे. इसके बाद से ही वो गायब हैं. इसकी सूचना उसने पुलिस को दी. इस आधार पर पुलिस ने खोजबीन शुरू की तो शंकर का शव एक कुएं से बरामद हुआ. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इस बात का खुलासा हुआ कि शंकर की हत्या गला घोंटकर की गई है. इसके बाद हत्यारों ने उसके शव को कुएं में डाला है.
मृतक शंकर के पुत्र बलराम महतो की तहरीर पर पुलिस ने हत्या तथा साक्ष्य मिटाने का मुकदमा अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज कर लिया है. इस बीच परिजनों ने एक व्यक्ति पर शक जताया था परन्तु पुलिस उससे कुछ खास जानकारी नहीं निकलवा सकी. पुलिस अभी भी अंधेरे में हाथ पैर मार रही है. शंकर के परिजनों से मुलाकात के दौरान एसपी ने भी हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है. फिलहाल पुलिसिया जांच की रफ्तार और कार्रवाई से शंकर के परिजन संतुष्ट नहीं हैं.











