पंजाब केसरी को उस समय जबर्दस्त झटका लगा, जब उनकी संपादकीय टीम पूर्व में त्यागपत्र दे चुके सीजीएम कुलदीप श्योराण के पक्ष में टूट गई। हरियाणा डेस्क पर कार्यरत 18 संपादकीय सहयोगियों में 15 ने सामूहिक तौर से त्यागपत्र दे दिया। पंजाब केसरी अम्बाला, जालंधर की संपादकीय टीम के जिन 15 लोगों ने सामूहिक तौर पर त्यागपत्र दिए हैं, वे वेदपाल, देवेन्द्र कुमार, पवन जांगड़ा, अश्विनी शर्मा, रामफल, सुरेश कुमार, वेदप्रकाश, सोहन सिंह, हरशांत कुमार, ओमप्रकाश, चंचल रानी, सुमित्रा देवी, नरेन्द्र वशिष्ट, संजीव जांगड़ा व जगदीप सिंह हैं। इस टीम ने कुलदीप श्योराण में आस्था जताते हुए उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करने का ऐलान किया है।
उल्लेखनीय है कि कुलदीप श्योराण ने 9 जुलाई को पंजाब केसरी संस्थान को अलविदा कह दिया था। वे अब हरियाणा व चंडीगढ़ में सांध्य दैनिक समाचार पत्र लाकर तहलका मचाने की कोशिश में जुटे हुए हैं। सूचना मिली है कि इस्तीफा देने के तुरंत बाद इन सभी 15 सदस्यों ने कुलदीप श्योराण के निवास पर पहुंचकर उनसे मुलाकात की। इसके बाद इन सभी ने नए काम की शुरुआत से पहले मां वैष्णो देवी के दर्शन करने की इच्छा जाहिर की। इस पर श्योराण ने इन सभी को मां वैष्णो देवी के दर्शनों के लिए जम्मू कटरा के लिए रवाना कर दिया।











