वाराणसी से खबर है कि लहुराबीर आजाद पार्क में भारतीय जनता पार्टी की ओर से आधा किलोमीटर दूर बेनियाबाग में आहूत महासंग्राम रैली में जा रहे कार्यकर्ताओं पर लक्ष्य करके आज सोमवार को दोपहर ज्वलनशील पदार्थ फेंका गया जिससे तीस कार्यकर्ता जख्मी हो गए। भाजपा इस रैली के माध्यम से उत्तर प्रदेश में आगामी वर्ष होने वाले चुनाव के लिए बिगुल फूंक रही है।
जानकारों ने बताया कि भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की सदस्य सुनीता सिंह और ओमप्रकाश शुक्ल उर्फ गुड्डू गुरु के नेतृत्व में धूपचंडी वार्ड संख्या 75 के कार्यकर्ता लहुराबीर आजाद पार्क में आजाद की मूर्ति पर माल्यार्पण करने के बाद जुलूस की शक्ल में ही बेनियाबाग रैली स्थल पर जा रहे थे। उन लोगों ने हजार-दो हजार गुब्बारे उसी समय आसमान में छोड़े। जुलूस में शामिल व जख्मी आशीष मिश्र बाबा ने बताया कि उसी समय गुब्बारों को लक्ष्य करके ज्वलनशीन पदार्थ फेंका गया जिससे कम से कम 30 कार्यकर्ता जल गए। इस घटना के चलते अफरातरी मच गयी। कार्यकर्ता तितर-बितर होने लगे। आजाद पार्क के चारों ओर गुब्बारे और भाजपा की झंडियां बिखरी पड़ी हैं। दूसरी ओर बेनिया में रैली शुरू हो चुकी है।