: संजय द्विवेदी भी बरकरार : वरिष्ठ पत्रकार उमेश जोशी अब हरियाणा न्यूज के साथ अपनी पारी खेलेंगे. बीते दिनों खबर आई थी कि वो इस चैनल से जाने वाले हैं परन्तु उन्होंने इस खबर का खंडन करते हुए कहा था कि वे टेक्निकली अभी तक इस चैनल से नहीं जुड़े हैं. खबर है कि अब वे इस चैनल के साथ जुड़ गए हैं. सूत्रों का कहना है कि महुआ के हेड रहे अंशुमान तिवारी भी इस चैनल से जुड़ने जा रहे हैं.
लम्बे समय तक जनसत्ता और टोटल टीवी से जुड़े रहे उमेश जोशी के बारे में खबर आई थी कि वे ‘अभी तक’ चैनल से जुड़ गए हैं, परन्तु उन्होंने इसे अफवाह करार दिया था. उन्होंने ‘हरियाणा न्यूज’ से जुड़ने की संभावना बताई थी, परन्तु बीच में खबर आई कि उन्होंने इससे अलग होने का मन बना लिया है. इस बार भी उन्होंने इसे असत्य करार देते हुए कहा था कि अभी तक वो तकनीकी रूप से चैनल के हिस्सा ही नहीं बने हैं तो इस्तीफा देने या छोड़ने का सवाल कहां से उत्पन्न होता है.
अब बताया जा रहा है कि वे अब फाइनली हरियाणा न्यूज से जुड़ गए हैं. उन्हें हरियाणा न्यूज में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपे जाने की संभावना है. संजय द्विवेदी पहले से ही हरियाणा न्यूज से जुड़े हुए हैं. चर्चा है कि महुआ के हेड रहे तथा महुआ को जमाने वाले पत्रकार अंशुमान तिवारी भी हरियाणा न्यूज से जुड़ने जा रहे हैं. उनकी प्रबंधन से बातचीत चल रही है. हरियाणा न्यूज यूपी में भी एक चैनल लांच करने जा रहा है. संभावना जताया जा रहा है कि अंशुमान तिवारी को इसकी जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है.
गौरतलब है कि हरियाणा न्यूज पंजाब टुडे और बल्ले बल्ले चैनल के ग्रुप का हिस्सा है, जिसके मालिक जेके जैन थे. उनके पास कई चैनलों के लाइसेंस हैं. अब इस ग्रुप के चैनलों को हरियाणा के एक कैबिनेट मंत्री ने खरीद लिया है. और जल्द ही इन चैनलों की रिलांचिंग की जानी है. इसलिए प्रबंधन वरिष्ठ एवं अनुभवी पत्रकारों को अपने साथ जोड़ रहा है.











