दिल्ली के वेलकम इलाके में शुक्रवार की दोपहर ईटीवी उर्दू के पत्रकार अकरम लतीफ की गोली मारकर हत्या के मामले में अमरोहा पुलिस एव दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने अब तक चार लोगों को हिरासत में लिया है. पुलिस ने सोमवार को अमरोहा से दो लोगों को पकड़ा था, इन्हीं लोगों की निशानदेही पर पुलिस ने दो और लोगों को हिरासत मे लिया है. सभी से पूछताछ की जा रही है.
पुलिस पहले इसे लूट के लिए की गई हत्या मान रही थी, परन्तु घरवालों के बयान और धमकी मिलने की जानकारी होने के बाद पुलिस ने अपनी जांच की दिशा बदल दी है. अब आपसी रंजिश और पत्रकारिता के चलते रंजिश को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है. माना जा रहा है कि पकड़े गए युवकों का अकरम की हत्या से कोई ना कोई संबंध जरूर है. सभी से दिल्ली पुलिस किसी अज्ञात स्थान पर पूछताछ कर रही है. समझा जा रहा है जल्द ही पत्रकार अकरम के हत्या का राज खुलेगा.
गौरतलब है कि अमरोहा के नियारियान मुहल्ला निवासी ईटीवी उर्दू के पत्रकार अकरम लतीफ की दिल्ली में एक सांसद से मिलने जाते समय कुछ बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी. इस मामले की जांच दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल को सौंपी गइ है.











