पानीपत में एक न्यूज चैनल के कार्यालय पर धावा बोल कर लूटपाट करने तथा पत्रकारों पर हमला करने वाले आरोपियों को शरण देने के मामले में पुलिस ने चार और लोगों को गिरफ्तार किया है. इसके पहले भी दो लोग शरण देने के मामले में गिरफ्तार किए गए थे. पुलिस ने चारों को कोर्ट में प्रस्तुत किया. कोर्ट ने तीन लोगों को जमानत पर छोड़ दिया.
गौरतलब है कि बीते गुरुवार को एक निजी टीवी चैनल पर हमला करके कैमरामैन प्रदीप, संदीप एवं कर्मचारी पवन को घायल कर दिया गया था. इस मामले में चैनल वालों की तरफ से हजकां के जिलाध्यक्ष संजय कादियान, मीडिया प्रभारी कन्हैया समेत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया था. इसके बाद चार टीमें बनाकर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. पुलिस ने इसके पहले भी शरण देने के आरोप में राजपाल निवासी सिवाह और सुरेश निवासी हलदाना को गिरफ्तार किया था. अदालत ने राजपाल को न्यायिक हिरासत में भेज दिया और सुरेश को जमानत पर छोड़ दिया था.
इस बार पुलिस ने शरण देने के आरोप में शिवचरण, राममेहर दोनों निवासी पसीना कलां एवं धर्मेंद्र, रणधीर दोनों निवासी सिवाह, को गिरफ्तार किया था. इसके बाद इन्हें कोर्ट में पेश किया गया, जहां कोर्ट ने शिवचरण को न्यायिक हिरासत में भेज दिया जबकि अन्य तीनों को जमानत पर छोड़ दिया. पुलिस अभी तक नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं कर पाई है. दूसरी एक प्रेस विज्ञप्ति जारी करके हमले के आरोपी संजय कादियान ने लूट और हमले के आरोपों को निराधार बताया है तथा इस मामले की जांच क्राइम ब्रांच से करवाने की मांग की है.











