: नाराज लोगों ने डीएम को ज्ञापन सौंपा : विदिशा प्रेस क्लब के सचिव एवं उनकी परिजनों पर हमला करने वाले मुख्य आरोपी को पुलिस अभी तक गिरफ्तार नहीं कर पाई है. मारपीट करने वाले आरोपी बीजेपी के पूर्व विधायक की बस के चालक एवं खलासी हैं, जिसके चलते पुलिस लापरवाह रवैया अपना रही है. इससे नाराज पत्रकारों एवं पार्षदों ने डीएम को ज्ञापन देकर मुख्य आरोपी को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की है.
बीते सोलह अगस्त को सायं पाच बजे विनय सक्सेना अपनी बहन एवं उनके दो बेटों को विदिशा बस स्टैण्ड छोड़ने गए हुए थे. इन तीनों लोगों को भोपाल की बस पकड़नी थी. इसी दौरान बीजेपी के पूर्व विधायक गुरुचरण सिंह के शक्ति बस का चालक अपनी बस गलत दिशा से मोड़ने लगा. इस पर विनय सक्सेना ने अपनी कार को ब्रेक लगाया तथा ठीक से बस चलाने को कहा.
इसी से नाराज बस चालक बस वहीं खड़ीकर उतर गया तथा अपने खलासी के साथ मिलकर विनय सक्सेना से मारपीट शुरू कर दी. दोनों ने मिलकर उन्हें काफी मारा पीटा. विनय को काफी अंदरुनी चोटें आईं. इसके बाद दोनों अपनी बस लेकर वहां से चले गए. वहां विनय को किसी ने बचाने की कोशिश नहीं की, क्योंकि शक्ति बस के मालिक की गिनती दबंगों में होती है. विनय ने इस मामले की शिकायत थाने में दर्ज कराई. विनय के समर्थन में तमाम क्षेत्रों के लोग खुलकर सामने आए.
किसी तरह मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, परन्तु मुख्य आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर है. सच्चाई यह है कि वह आरोपी आए दिन बस स्टैण्ड पर दिखाई देता है, फिर भी पुलिस उसे पकड़ नहीं पा रही है. बताया जा रहा है पूर्व विधायक के दबाव में पुलिस मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने से हिचक रही है. तीन दिन बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी न होने से नाराज लोगों ने डीएम को ज्ञापन देकर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग की है.











