घाटे में चल रहे एनडीटीवी एवं हिंदू का संयुक्त न्यूज चैनल एनडीटीवी-हिंदू को बेचन की तैयारियां काफी समय से चल रही हैं. पर अब तक प्रबंधन को कोई ढंग का खरीदार नहीं मिल पाया है. खबर है कि अब इस अंग्रेजी चैनल को खरीदने में तमिल दैनिक दिना थांती ने दिलचस्पी दिखाई है. सूत्रों पर यकीन करें तो इस चैनल को लेकर दोनों के बीच बातचीत चल रही है. चर्चा है कि दो-तीन अन्य कंपनियां भी इस चैनल को खरीदने की कोशिशों में लगी हुई हैं.
एनडीटीवी एवं हिंदू ने मिलकर इस रीजनल चैनल की शुरुआत मई 2009 में की थी. इसमें एनडीटीवी का 51 प्रतिशत तथा हिंदू और बिजनेस लाइन का प्रकाशन करने वाले कस्तूरी एंड संस का 49 प्रतिशत शेयर लगा था. चैनल संचालन में अब तक दोनों कंपनियों को बीस करोड़ का घाटा उठाना पड़ा है. लगतार घाटे में चल रहे चैनल को बंद करने या बेचने की योजना कुछ माह पहले बनाई गई थी. इसके लिए एक अच्छे खरीदार की तलाश की जा रही थी. सूत्रों का कहना है कि थांती के अलावा कुछ और खरीदार भी अंदरखाने डील फाइनल करने में लगे हुए हैं, परन्तु थांती चैनल खरीदने में सबसे ज्यादा दिलचस्पी दिखा रहा है.
दिना थांती सत्तर साल पुराना तमिल अखबार है, जिसके मालिक बी सिवांथी आदियन हैं. यह अखबार तमिल भाषा का लीडिंग न्यूज पेपर है. खबर है कि थांती इस अंग्रेजी न्यूज चैनल को खरीदकर इस पर तमिल कार्यक्रम दिखाने की रुपरेखा तैयार कर रहा है. हालांकि अभी पूरी डील फाइनल नहीं हुई है, पर संभावना जताई जा रही है कि जल्द ही यह डील फाइनल हो सकती है क्योंकि एनडीटीवी एवं हिंदू लगातार घाटे में चल रहे इस चैनल से जल्द से जल्द छुटकारा पाना चाह रहे हैं.











