वीजा को लेकर भारत और अमेरिका में चल रही रस्साकसी में भारत ने एक अमेरिकी पत्रकार को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरते ही वापस अमेरिका भेज दिया. अमेरिकी पत्रकार डेविड बारसामियन के पास उचित वीजा नहीं था. पिछली बार भी भारत यात्रा के दौरान डेविड ने वीजा नियमों का उल्लंघन किया था.
अमेरिका की विदेश नीति की तीखी आलोचना के लिए मशहूर अमेरिकी पत्रकार और लेखक डेविड बारसामियन पिछली बार टूरिस्ट वीजा पर भारत आए थे तथा यहां से जाने के बाद कश्मीर पर एक रिपोर्ट प्रकाशित किया था, जबकि पत्रकारों के लिए अलग वीजा का प्रावधान होता है. इस बार भी वे टूरिस्ट वीजा पर ही भारत आए थे. उन्हें अगले हफ्ते कश्मीर जाना था. कश्मीर के एक संगठन का कहना है कि डेविड राज्य के मानवाधिकार पैनल के जरिए 2000 बेनामी कब्रों की रिपोर्ट सामने आने के बाद इस पर काम करना चाहते थे.











