मुंबई. वरिष्ठ पत्रकार ज्योतिर्मय डे (जेडे) की हत्या मामले की जांच में जुटी मुंबई पुलिस ने काफी दिनों बाद एक ऐसा बयान दिया है जिससे हत्याकांड की जांच नई दिशा में मुड़ गई है. मुंबई पुलिस के एक सनसनीखेज खुलासे में कहा गया है कि पत्रकार जेडे के माफिया डॉन दाऊद इब्राहिम से रिश्ते हो सकते हैं. पुलिस के मुताबिक संभव है कि जेडे ने बीते अप्रैल में लंदन में दाऊद के सहयोगी इकबाल मिर्ची से मुलाकात की.
मुंबई में जेडे की उनके घर के सामने हत्या के बाद पुलिस शुरुआत में इन सवालों का जवाब ढूंढने में जुट गई थी कि क्या जेडे ने अपनी लंदन यात्रा के दौरान इकबाज मिर्ची उर्फ इकबाल मेमन से मुलाकात की थीय हालांकि पुलिस लंदन में मेमन की मौजूदगी की पुष्टि नहीं कर सकी थी. हाल में लंदन में मिर्ची की गिरफ्तारी के बाद पुलिस इस बात का पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या जेडे अपनी लंदन यात्रा के दौरान मेमन के संपर्क में आए थे. एक सीनियर पुलिस अधिकारी का इस बारे में कहना है कि हमारी जांच से संकेत मिले हैं कि जेडे अप्रैल में लंदन यात्रा के दौरान मेमन से मिले हो सकते हैं. छोटा राजन को लगा कि जेडे ने दाऊद के सहयोगी मेमन को उसके बारे में कुछ सूचना दी इसके बाद उसने पत्रकार को मारने का हुक्म दिया.
ज्ञात हो कि मुंबई स्थित एक अखबार में पत्रकार रहे जे डे की बीते 11 जून को पावई इलाके में मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस के अनुसार जे डे की हत्या के पीछे छोटा राजन का हाथ है और उसने ही हमलावरों को 5 लाख की सुपारी दी थी।











