मोहाली से आपरेट होने वाले सैटेलाइट टीवी चैनल सैटेलाइट ‘स्टैण्डर्ड वर्ल्ड’ के संपादक डा. राकेश पुंज एक हमले में बाल-बाल बच गए। डा. पुंज दो दिन पहले अपने फिल्म निर्माता मित्र गुरबीर संधू के साथ किसी काम से चंडीगढ़ से सरहिंद गए थे। वापस चंडीगढ़ आते समय मोहाली में राधा स्वामी सत्संग भवन के पास दो अज्ञात मोटर साइकिल सवार व्यक्तियों ने उनकी गाड़ी को घेर कर उन पर गोली चला दी और भाग खड़े हुए। पुलिस ने चली हुई गोली और टूटा हुआ कांच फोरेंसिक लैब में भेज दिया है। डॉ. राकेश पुंज जिस एंडेवर कार में बैठे थे वह गुरबीर संधू की थी। गाड़ी को गुरबीर संधू चला रहे थे। डॉ. पुंज उनके साथ आगे वाली सीट पर बैठे हुए थे।
दो मोटर साइकिल सवार युवकों ने उन्हें ओवरटेक कर रोकने की कोशिश की। दोनों युवक हेल्मट पहने हुए थे। जिस तरफ उन लोगों ने गोली चलाई उस तरफ डॉ. राकेश पुंज बैठे हुए थे। गोली डॉ. राकेश पुंज से सिर्फ कुछ इंच की दूरी से निकल गयी और गाड़ी का कांच तोड़ते हुए गाड़ी के अंदर सीट में जा धंसी। डॉ. राकेश पुंज और उनके मित्र गुरबीर संधू इस हमले में बाल-बाल बच गए। पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ ३०७ का मामला दर्ज कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस इसे लूट के इरादे से हुआ अपराध मान रही है। डा. राकेश पुंज ने भड़ास4मीडिया को बताया कि उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं है। घटना रात साढ़े आठ बजे के करीब है। इस वक्त शहर में काफी रश रहता है। हमलावर बेहद दुस्साहसी किस्म के युवक थे। तभी इतने भीड़भाड़ के बावजूद ओवरटेक करके गोली मारने की हिम्मत की। पहले तो उन युवकों ने जब हाथ देकर गाड़ी रोकने का इशारा किया तो लगा कि कोई परिचित है जो रोक रहा है लेकिन वे ज्योंही हेलमेट पहनकर बाइक से उतरने को हुए तो अचानक लगा कि कुछ गड़बड़ है और मैंने संधू से स्पीड तेज करने को बोला। इसी दौरान उन युवकों ने गोली चला दी। संयोग था, कोई पुण्य कर्म था जो बाल-बाल बच गया। डा. राकेश पुंज ने बताया कि फिल्म निर्माता मित्र संधू कृपाण नामक फिल्म बना रहे हैं और इसी सिलसिले में वे लोग सरहिंद गए थे।
ज्ञात हो कि स्टैंडर्ड वर्ल्ड न्यूज चैनल का कामधाम हरियाणा, हिमाचल और पंजाब के इलाके में ज्यादा है। इसी न्यूज चैनल की फ्रेंचाइजी छत्तीसगढ़ में वाच न्यूज ने लिया था।











