एक बड़ी खबर। इंडिया न्यूज के एक्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर अजीत द्विवेदी ने इस्तीफा दे दिया है। वे कहां जा रहे हैं, अभी पता नहीं चल पाया है पर जानकार सूत्रों का कहना है कि अजीत द्विवेदी एक बड़े प्रोजेक्ट को मूर्त रूप देने के लिए इंडिया न्यूज से विदा ले रहे हैं। हालांकि सूत्रों का कहना है चैनल के दिशाहीन होने और लगातार गिरती टीआरपी के चलते मैनेजमेंट से लेकर न्यूजरूम तक में हड़कंप है। त्रिवेणी ग्रुप के नए चैनल वीओआई ने टीआरपी के मामले में इंडिया न्यूज से बाजी मार ली। इसके कारण इंडिया न्यूज चैनल में विवाद व अंदरूनी राजनीति और बढ़ गई। पिछले कुछ दिनों के बीच हुए घटनाक्रम के जरिए यह संकेत मिलने लगा है कि मैनेजमेंट का दबाव व कसाव न्यूज रूम पर बढ़ने लगा है।
इंडिया न्यूज के सीईओ और एडीटर इन चीफ हरीश गुप्ता भी इन दिनों इसी के चलते बेहद दबाव में हैं। खबर है कि वे छुट्टी पर चले गए हैं हालांकि जानकार सूत्रों का कहना है कि वे चैनल में हैं और अभी बने रहेंगे। अजीत द्विवेदी के बारे में सूचना है कि उनके पास कुछ बेहद चुनौतीपूर्ण प्रस्ताव इलेक्ट्रानिक मीडिया से आए थे और उनमें से उन्होंने एक प्रस्ताव के साथ नई पारी शुरू करने की ठानी है। इस संपूर्ण घटनाक्रम के बारे में अभी कोई आधिकारिक जानकारी न तो चैनल की तरफ से दी गई है और न ही अजीत द्विवेदी मोबाइल पर बार बार रिंग करने के बावजूद उपलब्ध हो सके हैं।











