‘जी न्यूज’ के क्षेत्रीय चैनल ‘जी 24 घंटे छत्तीसगढ़’ के भोपाल संवाददाता अंकुर विजयवर्गीय ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। अंकुर सीमित संसाधनों के बावजूद भोपाल के साथ-साथ पूरा मध्य प्रदेश कवर रहे थे। बताया जा रहा है कि अंकुर के बेहतर प्रदर्शन के बावजूद वरिष्ठ लोग उनसे कई वजहों से नाराज चल रहे थे। एक वजह अंकुर का स्वाभिमानी और मेहनती होना भी था। एक महीने से उन पर आरोप लगाया जा रहा था कि वे खबरें छोड़ रहे हैं और घटिया प्रदर्शन कर रहे हैं। जबकि पूरे चैनल में सबसे अच्छे लाइव, पीटूसी और कापी के लिए अंकुर जाने जाते हैं।
खबरें भी हर रोज वे पांच से छह देते रहे हैं। उन्होंने कई बेहतरीन और एक्सक्लूसिव खबरें भी ब्रेक कीं। पर एक क्षमतावान, ईमानदार और मेहनती रिपोर्टर को चैनल के वरिष्ठ अपने साथ रख नहीं पाए। अंकुर को इस्तीफे के लिए परेशान किया जाता रहा। आखिरकार अंकुर ने ‘जी 24 घंटे छत्तीसगढ़’ को सलाम बोल ही दिया। अंकुर का अगला पड़ाव क्या है, यह पता नहीं चल पाया है।