वायस आफ इंडिया के आउटपुट हेड किशोर मालवीय ने यहां से इस्तीफा देने के बाद इंडिया न्यूज में बतौर डिप्टी डायरेक्टर न्यूज पद पर ज्वाइन किया है। झारखंड के देवघर के निवासी किशोर मालवीय प्रिंट व टीवी के मशहूर पत्रकार हैं। सन 89 से पत्रकारिता में आए मालवीय ने नवभारत टाइम्स में आठ साल गुजारे। टीवी में वे सन 97 से हैं। वीओआई के पहले वे एक साल तक इंडिया टीवी में डिप्टी एडीटर पद पर रहे। पांच साल तक जी न्यूज में बतौर ब्यूरो चीफ और बाद में एसोसिएट एडीटर के रूप में कार्य किया।
जी न्यूज में उन्होंने मशूहर प्रोग्राम इनकाउंटर की एंकरिंग की जिसमें वाजपेयी, ठाकरे समेत कई जानी मानी हस्तियों से इंटरव्यू किया। किशोर मालवीय की टीवी में पहचान इसी कार्यक्रम के जरिए बनी। तीन साल के लिए उन्होंने नलिनी सिंह के नेपाल वन चैनल को भी हेड किया। वायस आफ इंडिया से किशोर मालवीय के जाने को लेकर कई महीनों के अफवाहें थीं। पिछले दिनों इस्तीफा देकर सभी अफवाहों पर विराम लगा दिया। वीओआई से आज 4 अगस्त को रिलीव होने के बाद किशोर मालवीय इंडिया न्यूज में डिप्टी डायरेक्टर न्यूज पद पर पांच अगस्त को ज्वाइन करेंगे। उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों ही इंडिया न्यूज में अनुरंजन झा ने आउटपुट हेड के रूप में ज्वाइन किया है। इंडिया न्यूज में इन दिनों जिस तरह से अनुभवी लोग लगातार ज्वाइन करते जा रहे हैं उससे एक बार फिर लग रहा है कि इस चैनल ने खुद को मजबूत स्थिति में लाने की ठान ली है।











