अमेरिकी प्रशासन पर मुस्लिम होने की वजह से भेदभाव करने का आरोप जड़ा : एक बड़ी खबर है। सहारा समूह के उर्दू अखबार रोजनामा राष्ट्रीय सहारा के ग्रुप एडिटर अजीज बर्नी को प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की अमेरिका यात्रा के दौरान ह्वाइट हाउस में घुसने से रोक दिया गया। अजीज बर्नी पीएम के साथ गए मीडिया डेलीगेशन के हिस्से थे। यह घटना उस समय हुई जब मनमोहन सिंह और बराक ओबामा के बीच बैठक चल रही थी। इस बैठक को अजीज बर्नी को कवर नहीं करने दिया गया। अजीज बर्नी ने एक समाचार एजेंसी को बताया है कि मुस्लिम होने के कारण उनके दस्तावेजों को अमेरिकी प्रशासन ने विशेष जांच श्रेणी में रखा। मनमोहन सिंह और बराक ओबामा के संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस के लिए लगभग 90 पत्रकार बुलाए गए थे जिसमें भारतीय प्रधानमंत्री के साथ गए पत्रकार भी शामिल थे। अजीज बर्नी भी पीएम के साथ ही गए थे। लेकिन उन्हें 24 नवंबर के उस प्रेस कांफ्रेंस में शामिल होने से रोका गया।
अजीज बर्नी का कहना है कि अन्य सभी पत्रकारों को तो अंदर जाने दिया गया लेकिन उन्हें इंतजार करने के लिए कहा गया। गौरतलब है कि अजीज बर्नी मुंबई पर आतंकी हमले के बाद अपने लेखन के कारण कई विवादों में घिरे रहे। इन पर देशद्रोह स्थापित करने के लिए मुकदमा भी दायर हुआ। इस बारे में खबर भड़ास4मीडिया पर पहले ही प्रकाशित हो चुकी है।