वरिष्ठ पत्रकार अशोक उपाध्याय को श्रद्धांजलि देने के लिए हैदराबाद के प्रेस क्लब में रविवार को शोकसभा का आयोजन किया गया। प्रिंट और टीवी मीडिया से जुड़े सभी पत्रकारों ने अपने साथी के असामयिक निधन पर गहरा दुख प्रकट करते हुए उन्हें अश्रुपूरित श्रद्धांजलि अर्पित की। हिंदी मिलाप के वरिष्ठ पत्रकार रवि श्रीवास्तव ने अशोक उपाध्याय के निधन को मीडिया के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए अपने साथ बिताए क्षणों की यादें ताज़ा कीं।
सभा में मौजूद हर व्यक्ति की नम आँखें अशोक उपाध्याय के शानदार व्यक्तित्व और उनकी अनुपस्थिति का दर्द बयां करने के लिए काफी थीं। अपने संबोधन में हर व्यक्ति ने अशोक उपाध्याय को सभी के दुख में साथ देने वाला लेकिन खुद की परेशानियों को अपने ही में समेट लेने वाला व्यक्ति बताया। इस मौके पर पत्रकारों के अलावा ऐसे भी लोग मौजूद थे जिनमें से कुछ ने अशोक के साथ सिर्फ पाँच मिनट तो कुछ ने 30 साल से भी ज़्यादा का समय बिताया था। सभा में मौजूद लोगों के शब्दों को सुनकर ये महसूस हुआ कि अशोक से जो कोई एक बार भी मिल लेता था तो उन्हीं का होकर रह जाता था। हज़ारों की भीड़ में भी अलग ही नज़र आने वाले अशोक उपाध्याय को पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद अंत में दो मिनट का मौन रखा गया। ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति और इस दुख की घड़ी में उनके परिवार को शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करने के साथ शोकसभा का समापन किया गया।