सूचना है कि अमर उजाला का लखनऊ संस्करण बहुत जल्द लांच होने वाला है और इसके लिए तैयारियां पिछले कई महीनों से चल रही हैं। अमर उजाला, कानपुर में कार्यरत ऐसे कई लोगों को जो लखनऊ के रहने वाले हैं, उन्हें लखनऊ शिफ्ट किया जा रहा है। इसके चलते अमर उजाला, कानपुर में नई नियुक्तियों के लिए संभावनाएं बनने लगी हैं।
हालांकि लखनऊ में अमर उजाला के जल्द लांच किए जाने की खबरें पिछले दस वर्षों से लगातार उड़ती रही हैं पर अभी तक अमर उजाला ने यूपी की राजधानी में अपना संस्करण लांच नहीं किया। यूपी के मजबूत अखबारों में से एक अमर उजाला अभी तक इस प्रदेश की राजधानी से अखबार क्यों नहीं निकाल रहा, इस सवाल का जवाब तो अमर उजाला प्रबंधन ही दे सकता है लेकिन इस मीडिया घराने के जो आंतरिक झगड़े रहे हैं, उसने इस अखबार की प्रगति और विस्तार पर कुछ हद तक रोक लगा दी है। अब देखना है कि वाकई अमर उजाला लखनऊ में जल्द लांच हो रहा है या यह खबर भी भेड़िया आया भेड़िया आया की तरह ही साबित होती है।
यह बताते चलें कि इन दिनों अमर उजाला के लखनऊ ब्यूरो के चीफ अशोक पांडेय हैं जो इससे पहले दैनिक जागरण, देहरादून में संपादक हुआ करते थे। कानपुर में अमर उजाला के संपादक प्रताप सोमवंशी हैं जो इससे पहले वेब दुनिया और दैनिक भास्कर में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं और अमर उजाला में कानपुर आने से पहले देहरादून में संपादक हुआ करते थे।











