आज तक और स्टार न्यूज जैसे चैनलों में सफल पारी खेलने वाले संजीव चौहान का इंडिया न्यूज का कार्यकाल छोटा रहा। कुछ महीने पहले उन्होंने इस संस्थान में काम करने की जगह इसे टाटा बाय बाय बोलकर घर बैठने को ज्यादा उचित समझा। लेकिन संजीव अब नई पारी शुरू करने जा रहे हैं। महिलाओं पर केंद्रित नए लांच होने वाले टीवी न्यूज चैनल फोकस में वे स्पेशल इनवेस्टिगेटिव टीम (एसआईटी) के हेड बनाए गए हैं। उन्हें अपनी टीम बनाने की छूट दी गई है। संजीव इंडिया न्यूज में नेशनल क्राइम हेड थे।
आज तक में स्पेशल करेस्पांडेंट और उसके पहले स्टार न्यूज में प्रिंसिपल करेस्पांडेंट थे। दिल्ली में लंबे समय तक पत्रकारिता कर रहे संजीव ने करियर की शुरुआत से लेकर अब तक कई अखबारों और टीवी चैनलों में काम किया। अपराध की रिपोर्टंग के विशेषज्ञ माने जाने वाले संजीव चौहान ने भड़ास4मीडिया को बताया कि वे जल्द ही फोकस ज्वाइन करेंगे और नई पारी में वे काम के जरिए खुद को साबित करेंगे, उससे पहले कुछ भी बोलना उचित नहीं है।
दूसरी खबर। प्रोड्यूसर परमेंद्र मोहन ने आज तक को टाटा बाय बाय करने का मन बना लिया है। वे इस्तीफे के लिए नोटिस दे चुके हैं। दीपावली तक वे वापस जी न्यूज में लौट चुके होंगे। पुराने घर में नई पारी की बैटिंग सीनियर प्रोड्यूसर के रूप में करेंगे। परमेंद्र ने हैदराबाद में ईटीवी न्यूज़, यूपी के बुलेटिन प्रोड्यूसर के रूप में टीवी में करियर की शुरुआत की थी। वहां से दिल्ली आकर सहारा समय, मध्य प्रदेश से जुड़ गए। उसके बाद ज़ी न्यूज़ पहुंचे। ज़ी न्यूज़ में प्रोड्यूसर थे और इसी पोस्ट पर डेढ़ साल पहले आज तक पहुंचे थे। अब वापस ज़ी न्यूज़ में सीनियर प्रोड्यूसर पद पर जा रहे हैं। परमेंद्र ने भड़ास4मीडिया को बताया कि ज़ी न्यूज़ से उनका भावनात्मक लगाव रहा है। इसी वजह से वहां से आए बुलावे को वे टाल नहीं पाए। उन्होंने स्वीकार किया कि वे आज तक से इस्तीफा दे चुके हैं और इस महीने नोटिस पीरियड पर हैं।
अगर आप भी किसी नई जगह ज्वाइऩ करने जा रहे हैं, ज्वाइन कर चुके हैं तो इस बारे में भड़ास4मीडिया को मेल के जरिए सूचित कर सकते हैं। इन तीनों मेल आईडी [email protected], [email protected], [email protected] में से किसी पर भी आप सूचनाएं मेल कर सकते हैं। आप 09999330099 पर एसएमएस या फोन करके भी सूचित कर सकते हैं। हिंदी मीडिया के इस सबसे बड़े मंच से आपके जुड़ाव का स्वागत करते हैं। भड़ास4मीडिया टीम उम्मीद करती है कि आप इस मंच की मजबूती के लिए अपना सक्रिय सहयोग देंगे।











