आयकर अधिकारियों की मानें तो नीरा राडिया की अन्य लोगों से बातचीत के करीब 6000 टेप हैं जिनमें से करीब एक हजार टेप लीक हुए हैं. सोचिए, बाकी पांच हजार टेपों में किन-किन की बातचीत कैद है. काश, वो भी लीक हो जाते. पर ऐसा भी नहीं है कि नीरा राडिया से जिसने बात कर ली या नीरा को जिसने फोन कर लिया या नीरा ने जिसको फोन कर लिया, वे सबके सब दलाल ही हैं. नीरा के टेप लगातार रिकार्ड किए गए हैं, सो, कई ऐसे लोगों से बातचीत भी लीक हुई है जिस बातचीत में कुछ खास नहीं है. जैसे राजदीप सरदेसाई को ही ले लें.
नीरा राजदीप को फोन कर सूचित करती हैं मुकेश अंबानी के दाहिने हाथ मनोज मोदी राघव बहल से मिलने बहल के आफिस जा रहे हैं, अगर आप भी रहें तो ठीक रहेगा. नीचे राजदीप सरदेसाई समेत कई अन्य पत्रकारों से नीरा राडिया की बातचीत के टेप हैं. सबसे पहला टेप जहांगीर से नीरा राडिया के बातचीत का है. दूसरा टेप दी इकानामिक टाइम्स के राहुल जोशी से बातचीत का है, तीसरा टेप नीरा – राजदीप संवाद है, चौथा टेप ईटी नाऊ चैनल के श्रीधरन से बातचीत का है और आखिरी पांचवां टेप मिंट के सुकुमार का है. पांचों से नीरा राडिया की बातचीत को सुनिए और क्या ठीक बात है, क्या खराब बात है, इसका फैसला खुद करिए. इन पांचों में कुछ की बातचीत से दलाली की बदबू निकल रही है तो कुछ से बातचीत बेहद सामान्य व औपचारिक है.











