छत्तीसगढ़ के डीजीपी विश्वरंजन ने कहा है कि दैनिक भास्कर के पत्रकार सुशील पाठक हत्याकांड का खुलासा जल्द कर दिया जाएगा. सुशील के हत्यारों के बारे में पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिल चुके हैं. हत्या का एक आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है तथा इससे जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.
डीजीपी ने सुशील हत्याकांड के बारे में पूछे जाने पर कहा कि इसकी गुत्थी सुलझ चुकी है. पकड़े गए आरोपी से मिली जानकारी के अनुसार इसमें दो या तीन और लोग शामिल हैं. जिनकी पुलिस तलाश कर रही है. उन्होंने कहा कि इनके पकड़ में आते ही सारे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा. जांच पर कोई असर ना पड़े इसके लिए वे जांच की दिशा आरोपियो के बारे में कोई खुलासा अभी नहीं करेंगे.
गौरतलब है कि बिलासपुर के पत्रकार सुशील पाठक की हत्या के लगभग 20 दिन बाद भी लोग असली हत्यारों की गिरफ्तारी न होने से नाराज हैं. हत्यारों की गिरफ्तारी और पुलिस पर दबाव बनाने के लिए सर्वदलीय नागरिक मंच के बैनर तथा प्रेस क्लब के बैनर तले लोगों ने 10 को बिलासपुर के नेहरू चौक पर महाधरना देने का फैसला किया है. इन लोगों का कहना है कि पुलिस अब तक न तो सुशील का मोबाइल खोज पाई है और ना ही हत्या में इस्तेमाल पिस्टल. अगर पुलिस 10 तक इस हत्याकांड का खुलासा नहीं करती है तो इसके बाद रायपुर में भी धरना दिया जाएगा.











