रांची के एक प्रमुख हिन्दी दैनिक के वरिष्ठ पत्रकार पूरनचंद्र के घर से कल देर रात अज्ञात चोरों ने लाखों रुपए मूल्य के जेवरात, कीमती सामान और नकदी पर हाथ साफ कर दिया. घटना के समय पूरनचंद्र सपरिवार किसी शादी समारोह में भाग लेने के लिए गए हुए थे. इसी का फायदा उठाते हुए चोरों ने घटना को अंजाम दे दिया.
जानकारी के अनुसार पूरनचंद्र बीस जनवरी को अपने एक रिश्तेदार की शादी अटेंड करने के लिए पूरे परिवार के साथ बोकारो गए हुए थे. उनके घर में ताला बंद था. कल देर रात चोर ताला तोड़कर उनके प्रथम तल पर स्थित घर के अंदर घुस गए. और चोरी को अंजाम देने लगे. इसी बीच जब पूरनचंद्र के घर के नीचे रहने वाले पड़ोसी परिवार को ऊपर से खटखट तथा बर्तन आदि की आवाज सुनाई दी तो वे जाग गए. चोर-बदमाश होने की आश्ांका में उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया तथा 100 नंबर पर डॉयल करके पुलिस को भी सूचना दे दी.
सूचना मिलने के कुछ देर बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. इधर शोर सुनकर चोर जितना सामान हाथ लगा लेकर फरार हो गए. उनके पास हथियार होने के डर से किसी ने बाहर निकलकर उन्हें पकड़ने की हिम्मत नहीं दिखाई. शोर सुनकर आसपास के काफी लोग जाग गए थे. पुलिस ने मौके से चोरों के फिंगर प्रिंट भी उठा लिए हैं. कई अहम सुराग मिलना की बात भी पुलिस कर रही है. पर अभी तक कोई सुराग नहीं लगा है. पुलिस का कहना है कि चोरी की घटना को बहुत ही पेशेवर ढंग से अंजाम दिया गया है. बताया जा रहा है कि पत्रकार की बेटी की शादी होने वाली थी. उसके चलते ही उन्होंने काफी गहने बनवाकर घर में रखे थे. इस घटना के बाद से उनका पूरा परिवार सदमें में है.











