लीबिया में मुअम्मर गद्दाफ़ी के समर्थक सुरक्षा बलों और विद्रोहियों के बीच जारी संघर्ष को कवर कर रहे अमेरिकी समाचार पत्र ‘न्यूयॉर्क टाइम्स’ के चार पत्रकार लापता हैं. दूसरी तरफ ब्रिटेन के अखबार ‘द गार्डियन’ के संवाददाता को रिहा कर दिया गया है. वे लीबिया से सुरक्षित बाहर निकल गए हैं. लीबिया में पत्रकारों को लगातार निशाना बनाया जा रहा है.
अमेरकी अखबार ‘न्यूयार्य टाइम्स’ के कार्यकारी संपादक बिल केलर ने कहा कि हमारे चार पत्रकार गायब हैं, हमने त्रिपोली में लीबियाई सरकार से बात की है. लीबियाई सरकार ने आश्वासन दिया है कि चारों पत्रकारों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है. केलर ने बताया कि हमें आश्वासन मिला है कि अगर हमारे पत्रकार गिरफ्तार किए गए होंगे तो उन्हें रिहा कर दिया जाएगा.
अखबार प्रबंधन का कहना है कि पत्रकारों के नाम एंथोनी शदीद, स्टीफन फैरेल, टाइलर हिक्स और लिंसे अडारियो हैं. इन लोगों से मंगलवार की सुबह के बाद से संपर्क नहीं हो पाया है. वे लोग अजदाबिया शहर में अखबार के लिए रिपोर्टिंग कर रहे थे. अजदाबिया शहर के ज्यादातर हिस्से पर कज्जाफी समर्थकों का कब्जा हो गया है.
दूसरी तरफ ब्रिटेन के समाचार पत्र ‘द गार्डियन’ के संवाददाता गईस अब्दुल अहद को लीबियाई अधिकारियों ने रिहा कर दिया है. समाचार पत्र के संपादक एलन रसब्रिजर ने जानकारी दी कि अहद को रिहा कर दिया गया है और वे सुरक्षित लीबिया से बाहर आ गए हैं. अहद इराक में इस ब्रितानी समाचार पत्र के स्थाई संवाददाता हैं.











