कई पत्रकार इन दिनों मुश्किल में हैं। वजह कुछ और नहीं बल्कि सड़क दुर्घटना है। दैनिक भास्कर, पानीपत के संपादक दिनेश मिश्रा बुरी तरह जख्मी हो गए हैं। वे पानीपत के एक अस्पताल के आईसीयू में एडमिट हैं। उनका तबादला हाल में ही दैनिक भास्कर, ग्वालियर के लिए किया गया था। ग्वालियर जाने से पहले वे करनाल के एक मंदिर में दर्शन के लिए सपरिवार गए थे। वहां से पानीपत लौटते वक्त उनकी कार एक ट्रैक्टर ट्राली में पीछे से घुस गई। इस हादसे में दिनेश मिश्रा की पत्नी को ज्यादा चोटें आई हैं। बताया जाता है कि वे अभी तक होश में नहीं आई हैं। उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। दिनेश की हालत में तेजी से सुधार होने की खबर है।
गीतेश्वर व शशांक सड़क हादसे में घायल, वरिष्ठ पत्रकार विनोद मिश्र का निधन
अमर उजाला, अलीगढ़ के संपादकीय प्रभारी गीतेश्वर के बारे में खबर मिली है कि वे सड़क हादसे में जख्मी हो गए हैं। उनके पैर में चोट आई है। उनके पैर में फ्रैक्चर है। कुछ दिनों के इलाज के बाद अब वे फिर से सक्रिय हो गए हैं।
इसी तरह अमर उजाला, आगरा के रिपोर्टर शशांक वर्मा के बारे में सूचना है कि वे सड़क हादसे में बुरी तरह घायल हो गए हैं। उनका आगरा में ही एक अस्पताल में इलाज चल रहा है। उनके चेहरे पर काफी चोटें आई हैं।
दैनिक हिंदुस्तान के पूर्व संपादक और वरिष्ठ पत्रकार विनोद मिश्र का पिछले दिनों दिल्ली में निधन हो गया। वे कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे। उन्हें सादगी-पसंद और मेहनती संपादकों में गिना जाता है।











