सड़क पर दुर्घटना आपकी गलती से कम, पड़ोसियों की गलती से ज्यादा होती है- यह बात अक्सर सच साबित होती है। सीएनईबी के प्रोग्रामिंग में काम करने वाले राहुल अवस्थी और भास्कर भट्ट को क्या पता था कि कोई गाड़ी उलटे साइड से आकर टक्कर मारने के बाद उन्हें जीवन और मौत से जूझने के लिए मजबूर कर देगी। सीएनईबी के एडिटिंग हेड कपिल बत्रा की शादी में गए ये दोनों मीडियाकर्मी बाइक से लौट रहे थे। इसी दौरान ट्वेरा जैसी बड़ी कार के ड्राइवर ने एक अन्य बाइक वाले को टक्कर मारकर खुद बचने के लिए डीएनडी पर उल्टी दिशा में गाड़ी मोड़ दी और भागने लगा।
इसी कार ने सामने से आ रहे राहुल और भास्कर की बाइक पर जोरदार टक्कर मार दी जिससे ये दोनों युवा मीडियाकर्मी काफी दूर जाकर गिरे। ट्वेरा ने जिस बाइक को शुरू में चपेट में लिया था, उसके सवार लोग अपेक्षाकृत कम जख्मी हुए। यही लोग राहुल व भास्कर को उठाकर मैक्स अस्पताल ले गए। राहुल व भास्कर लगातार खून बहने से बेहोश हो गए तो इनके जेब में पड़े आईकार्ड के जरिए सीएनईबी आफिस को सूचित किया गया। सुबह होते-होते प्रबंधन से जुड़े लोग अस्पताल पहुंचे और डाक्टरों को पैसे की चिंता किए बगैर सर्वोत्तम इलाज करने को कहा। बताया जाता है कि इलाज पर अब तक सवा तीन लाख रुपये खर्च हो चुके हैं। दुर्घटना करने वाले कार ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया गया है और इन दिनों वो डासना जेल में बंद है। पुलिस ने कार ड्राइवर का मेडिकल कराया जिससे पता चला कि ड्राइविंग के वक्त यह पर्याप्त नशे में था। राहुल और भास्कर की बुरी तरह से जख्मी हुए हैं जिसमें एक की हालत गंभीर है।











