आलोक मेहता के नेतृत्व में नई दुनिया के बहुचर्चित दिल्ली संस्करण के प्रकाशन की तैयारी अंतिम चरण में है। खबर है कि यह अखबार अक्टूबर के पहले हफ्ते में दिल्ली और आसपास के मार्केट में आ जाएगा। अखबार की लांचिंग किसी बड़े नेता के हाथों कराने के लिए आलोक मेहता पूरी ताकत झोंके हैं। लोकापर्ण समारोह दिल्ली के एक फाइव स्टार होटल में होगा, इसके लिए ढेर सारे नामी-गिरामी लोगों को न्योता गया है। उल्लेखनीय है कि ‘मेरा आदमी – तेरा आदमी’ के पैमाने पर नियुक्तियों व युवा प्रतिभाओं की उपेक्षा से यह अखबार पिछले दिनों चर्चा में आया। अब देखना है कि नई दुनिया लांचिंग के बाद कंटेंट-क्वालिटी से दूसरे अखबारों को टक्कर दे सकारात्मक चर्चा जन्म दे पाता है या नहीं।
मैग्जीन मार्केट में कंपटीशन बढ़ेगा, शोभना भरतिया पिता की कुर्सी पर आसीन
प्रिंट मीडिया के नियम कानूनों में भारत सरकार द्वारा एक बदलाव किए जाने के बाद अब अमेरिका की टाइम और इंग्लैंड की इकानामिस्ट जैसी विदेशी पत्रिकाएं सस्ते दामों पर भारतीय मार्केट में उपलब्ध होंगी। साथ ही, इससे देश के मैग्जीन मार्केट में नए तरह का कंपटीशन शुरू हो जाएगा। भारत सरकार ने प्रिंट मीडिया की नीति में बदलाव करते हुए विदेशी पत्रिकाओं को देश में आने के लिए हरी झंडी दे दी है। इसके लिए भारतीय प्रकाशक को कंपनी में 74 फीसदी मालिकाना हक रखना पड़ेगा। तभी 26 फीसदी विदेशी पूंजी को कंपनी में अनुमति दी जा सकेगी। साथ ही, कंपनी के निदेशक मंडल में तीन चौथाई भारतीय होने चाहिए और पत्रिका का नाम भी भारत में रजिस्टर्ड होना चाहिए।
एचटी मीडिया लिमिटेड के चेयरमैन केके बिड़ला के निधन के बाद चेयरमैन की कुर्सी उनकी बेटी शोभना भरतिया ने संभाल लिया है। इस बात की जानकारी एचटी मीडिया ने मुंबई स्टाक एक्सचेंज को दे दी है। शोभना भरतिया इससे पहले एचटी मीडिया की वाइस चेयरपर्सन थीं। बीएसई को भेजी गई जानकारी के मुताबिक एचटी मीडिया के निदेशक मंडल ने शोभना भरतिया को तत्काल प्रभाव से कंपनी चेयरपर्सन का पद सौंप दिया है।
राजस्थान पत्रिका भोपाल में सफल लांचिंग के बाद अब इंदौर में झंडे गाड़ने के लिए तैयार है। इसकी लांचिंग की तैयारियां जोरों पर है। सूचना के मुताबिक यहां आकांक्षा पटनी, कैलाश गौड़, नितिन शर्मा ने ज्वाइन कर लिया है।











