अमर उजाला, गोरखपुर में सीनियर-जूनियरों के बीच आजकल खूब भिड़ंत हो रही है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार रविवार के दिन एक बार फिर सीनियर-जूनियर भिड़ गए। यह महीने भर में हुई तीसरी घटना है। पता चला है कि रविवार के दिन दो सीनियर रिपोर्टर जितेंद्र पांडेय और प्रदीप श्रीवास्तव की भिड़ंत सब एडिटर मुकेश पांडेय के साथ हो गई। बात सुबह के मीटिंग के समय की है। मीटिंग खत्म होने पर लोग अमर उजाला और हिंदुस्तान में आने-जाने वालों की चर्चा कर रहे थे। मुकेश को बोलते देख प्रदीप ने आफिस के मर्यादा की याद दिलाते हुए चुप रहने को कहा।
जितेंद्र पांडेय ने भी प्रदीप का समर्थन किया। बस फिर क्या था, जोर-जोर से हल्ला-गुल्ला शुरू हो गया। बाकी साथियों ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया। उस समय बात खत्म हो गई। शाम को सभी लोग खबर लिख रहे थे। सुबह के वक्त जूनियरों को डेकोरम मेंटेन करने की बात कहने वाले प्रदीप श्रीवास्तव एक दूसरे साथी से जोर-जोर से बात करने लगे। मौका देख मुकेश ने कमेंट किया कि भाई साहब, ये आफिस है। यह सुनकर जितेंद्र पांडेय कहने लगे कि इस तरह की कमेंटबाजी ठीक नहीं है, ऐसा नहीं होना चाहिए, ये सीनियरों का अपमान है, इसे सहन नहीं किया जाएगा। संडे होने के कारण स्थानीय संपादक साप्ताहिक अवकाश पर थे। सीनियरों ने अपमान की खबर उन तक पहुंचा दी है। सूत्रों का कहना है कि इस यूनिट में आए दिन सीनियरों और जूनियरों की आपस में कहासुनी होती रहती है।











