सोने की चेन और 70 हजार रुपये कैश ले गए, अखबार मालिक की हालत गंभीर : हरिद्वार में बदमाशों के हौसले कितने बुलंद हो गये हैं, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बदमाश सरेआम पत्रकारों से साथ न सिर्फ मारपीट कर रहे है बल्कि लूटपाट भी कर रहे है। ऐसी ही एक घटना आज हरिद्वार में हुई जब यहां से प्रकाशित एक हिन्दी दैनिक समाचारपत्र ‘बद्री विशाल’ के मालिक और संपादक राहुल सहगल पर कुछ बदमाशों ने दिन-दहाड़े हमला कर दिया। राहुल जब नन्दनगरी स्थित अपने घर से प्रेस जाने के लिए निकले, तभी कुछ बदमाशों ने उनकी पजेरो कार रोक ली और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। कुछ बदमाश तो उनकी पिटाई करते रहे और तमंचे लहराते हुए लोगों को ङराने की कोशिश भी करते रहे। इन्हीं बदमाशों के साथ की एक महिला ने उनके गले में पड़ी सोने की चेन छीन ली और उनकी गाड़ी में रखे 70 हजार रुपये भी लूट लिए।
राहुल यह पैसे एक कम्प्यूटर ङीलर को देने के लिए ले जा रहे थे। सड़क पर सरेआम कुछ लोगों द्वारा एक युवक के साथ मारपीट होते देख जब लोग इकठ्ठा होना शुरू हुए तो बदमाश वहाँ से भाग निकले। बाद में मामला पुलिस तक पहुंचा। पुलिस पहले तो मामले की रिपोर्ट दर्ज करने में हीलाहवाली करती रही। बाद में दबाव पड़ने पर रिपोर्ट लिखी गई। बदमाशों के हमले में राहुल गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उन्हें हरिद्वार के जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। हरिद्वार के पत्रकारों ने अखबार मालिक और संपादक के साथ दिनदहाड़े हुई इस घटना की कड़ी निंदा की है। उत्तराखंड श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के जिला अध्यक्ष संजय आर्य, महामंत्री मुदित अग्रवाल ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए पत्रकार पर हमला करने वाले बदमाशों को तुरन्त गिरफ्तार करने की मांग की है।
यूनियन के सचिव पंकज कौशिक, तनुज वालिया, रामेश्वर शर्मा, वरिष्ठ पत्रकार डा. रजनीकांत शुक्ल, दीपक नौटियाल, श्रवण झा, ओपी सिंह, महेश पारीख, शिवा अग्रवाल, पवन चौहान, नवीन पांडे, मनोहर काला, सुनील सिंह, मनोज सेठी, नवीन चौहान, किरणकांत शर्मा, निशा शर्मा, अमित कुमार, मयूर सैनी, अविक्षित रमन, वेद प्रकाश चौहान, केपी सिंह चौहान, कुशल पाल सिंह, राजेन्द्र रावत, पंकज कर्णवाल, संजय बंसल, गोपाल कृष्ण पटुवर, संजय रावल, रामेश्वर गौड़, बिट्टू पालीवाल, संदीप वालिया, आशु शर्मा, पुषकर सिंह रावत, हिमांशु सिंघल, डा. घनश्याम सारस्वत, कृतिका एस. मानसिंह, जगदीश शर्मा देशप्रेमी, रामकुमार शर्मा, नरेश दीवान शैली, विक्रम छाछर आदि पत्रकारों ने बैठक कर इस तरह की बढती घटनाओं पर गहरी चिंता जताई। बैठक में पत्रकारों ने बद्री विशाल के मालिक व संपादक पर हुए हमले और लूटपाट की घटना की कड़े शब्दों में आलोचना की है और बदमाशों को अविलम्ब गिरफ्तारी की मांग की।











