केन्द्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय ने टी.वी. निर्माता-निर्देशक और पत्रकार ब्रजेन्द्र रेही को केन्द्रीय ग्रामीण विकास और पंचायती राज मंत्री डॉ. सी.पी. जोशी का मीडिया सलाहकार नियुक्त किया है. इस संबंध में केन्द्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय ने आदेश जारी कर दिया. रेही ने पत्रकारिता की शुरुआत उदयपुर से नवभारत टाइम्स के संवाददाता के रूप में 1964 में की थी.
बाद में वे अनेक समाचार पत्रों से जुडे और कई सालों तक राष्ट्रीय समाचार पत्रों के स्तंभ लेखक भी रहे. दिल्ली आने पर वे दूरदर्शन से जुड़ गए. उन्होंने दो सौ से अधिक वृत्तचित्र और टी.वी. फिल्मों का निर्माण किया. उन्हें दूरदर्शन का राष्ट्रीय पुरस्कार भी मिला तथा उनकी प्रसिद्घ टेली फिल्म ‘पथराई आंखों के सपने’ को 1984 में जापान में संपन्न हुए पहले एशियाई टेलीविजन प्रोग्राम फेस्टिवल में प्रशंसा भी मिली. उनके कुछ महत्वपूर्ण धारावाहिकों में गांधी जी पर ‘महात्मा’, भारत छोड़ो आंदोलन पर ‘‘देश की पुकार’’, भारत के लोक नाट्यों पर ‘लोक-लोक के रंग’ जैसे कार्यक्रम भी हैं. इस समय वे इंटरनेट समाचार पत्र ‘जन समाचार’ और अंग्रेजी पत्रिका ‘एशिया डाइजेस्ट’ के संपादक भी हैं. दूरदर्शन ने उनके महात्मा गांधी के जीवन पर आधारित धारावाहिक ‘‘महात्मा’’ की डी.वी.डी. भी प्रसारित की है.











