सूचना मिली है कि बिहार-झारखंड के नए रीजनल चैनल 365 दिन के सीईओ अमल जैन पर चैनल के चेयरमैन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। चेयरमैन अरुण पोद्दार तक इस न्यूज चैनल से जुड़े लोगों ने ही कई तरह की शिकायतें पहुंचाईं थीं जिसमें घपले-घोटाले का भी आरोप लगाया गया है। रांची से लांच होने वाले इस नए रीजनल न्यूज चैनल के सीईओ अमल जैन का चैनल के पत्रकारों के साथ जिस तरह का बर्ताव रहा है, उससे इस चैनल की संपादकीय टीम नाखुश चल रही थी और इन लोगों ने कई ब्लागों पर भी अपनी आवाज उठाई थी। बताया जाता है कि चेयरमैन अरुण पोद्दार ने अब सीईओ के अधिकारों में कटौती कर दी है। सूत्रों का कहना है कि चैनल लांच होने से पहले ही जिस तरह के घपले-घोटाले की शिकायत सीईओ के खिलाफ की गई, उसकी जांच चेयरमैन ने गुप्त रुप से कराई।
उसके बाद उन्होंने शिकायत में सच्चाई को देखते हुए सीईओ पर लगाम कसना शुरू कर दिया है। चैनल से जुड़े कुछ लोगों ने भड़ास4मीडिया को कुछ ऐसे दस्तावेज मुहैया कराए हैं जिससे पता चलता है कि यह चैनल लांच होने से पहले ही जबरदस्त रूप से आंतरिक गुटीय राजनीति व घपलों-घोटालों का शिकार हो चुका है। भड़ास4मीडिया ने इस पूरे मामले के बारे में चैनल के प्रबंधन का पक्ष जानने का प्रयास किया पर संपर्क नहीं हो सका।











