पर उम्मीद अभी कायम है : ब्लूमबर्ग यूटीवी वाले प्रसन्न : एक जैसे ऐड कंपेन का मामला : एक जैसे विज्ञापन अभियान (ऐड कैंपेन) के चलते कोलकाता हाईकोर्ट ने ब्लूमबर्ग यूटीवी पर लगाई अंतरिम रोक फिलहाल हटा दी है. यह रोक एचटी मीडिया के अंग्रेजी बिजनेस अखबार मिंट की तरफ से आपत्ति जताए जाने के कारण लगाई गई थी. मिंट का कहना था कि ब्लूमबर्ग यूटीवी का ऐड कैम्पेन उसके खुद के कैंपेन व थाट से मिलता जुलता है.
कोर्ट से राहत मिलने के बाद ब्लूमबर्ग यूटीवी अपने ऐड कैम्पेन को जारी रख सकता है. ब्लूमबर्ग यूटीवी के लिए इस ऐड कैम्पेन को टैपरूट इंडिया नामक एजेंसी ने तैयार किया था. वैसे, एचटी मीडिया वाले अभी इस उम्मीद को बरकरार रखे हुए हैं कि कोर्ट से फाइनल फैसला उनके पक्ष में आएगा. मिंट के लोगों का कहना है कि बौद्धिक संपत्ति अधिकार के उल्लंघन के इस मामले में उन्हें हर हाल में न्याय मिलने की उम्मीद है. अदालती कार्यवाही अभी जारी है और आखिरी फैसला आने तक मिंट के लोग इंतजार करेंगे.











