मध्य प्रदेश कैडर की आईएएस अधिकारी एवं राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग में संयुक्त सचिव रहीं अरुणा शर्मा को दूरदर्शन का नया डायरेक्टर जनरल नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति प्रसार भारती बोर्ड ने की है। बोर्ड की तरफ से 23 मार्च को 18 लोगों का इंटरव्यू किया गया था। सेंट्रल एडमिनिस्ट्रेटिव ट्रिव्यूनल (कैट) के मानदंडों के आधार पर हुए इंटरव्यू के बाद अरुणा शर्मा के नाम पर सेलेक्शन कमेटी ने मुहर लगा दी। दूरदर्शन के डिप्टी डायरेक्टर जनरल अशोक जैलखानी ने अरुणा की नियुक्ति को चुनौती दी थी।
अशोक ने डायरेक्टर जनरल पद के लिए खुद के नाम पर विचार न किए जाने के चलते नियुक्ति प्रक्रिया दोषपूर्ण करार दिया था। इस आधार पर कैट ने अरुणा शर्मा के डीजी के रूप में नियुक्ति को रोक दिया था। प्रसार भारती बोर्ड ने 23 मार्च की बैठक में जैलखानी की उम्मीदवारी पर विचार किया। जैलखानी के अलावा आईएएस आफिसर और आल इंडिया रेडियो के डीडीजी नोरीन नकवी का भी इंटरव्यू किया गया जो कई महीनों से दूरदशर्न के कार्यवाहक डायरेक्टर जनरल हैं। कैट ने अब अरुणा शर्मा को दूरदर्शन के डीजी के रूप में काम करने को कह दिया है। अरुणा शर्मा दूरदर्शन की पहली महिला डायरेक्टर जनरल हैं। साथ ही दूरदर्शन को दो साल के बाद नियमित तौर पर डीजी मिला है। इससे पहले नियमित डीजी नवीन कुमार होते थे जो 2007 मध्य में छोड़ गए थे। नवीन के जाने के बाद दूरदर्शन के डीडीजी एलडी मंडलोई एक्टिंग डीजी बने। मंडलोई के बाद नोरीन नकवी को यह प्रभार दिया गया था।