दो दुखद सूचनाएं हैं। पहली सूचना मेरठ से। दैनिक प्रभात, मेरठ के फोटोग्राफर कुंज बिहारी का हार्ट अटैक के चलते निधन हो गया। प्रतिभावान फोटोग्राफर कुंज बिहारी ने अपना जीवन संघर्षों के बीच बिताया। कई बार मुफलिसी की स्थिति आई लेकिन किसी के आगे हाथ नहीं फैलाया। वे अपने काम में जुटे रहते थे। फोटोग्राफी में ही जीवन गुजार देने वाले इस शख्स का व्यक्तित्व बेहद सहज और सरल रहा। भड़ास4मीडिया की तरफ से कुंज बिहारी को श्रद्धांजलि।
दूसरी सूचना दिल्ली से। यहां पंजाब केसरी के वरिष्ठ पत्रकार उमेश लखनपाल का हार्ट अटैक के कारण निधन हो गया। वे रिपोर्टिंग के दौरान ही हार्ट अटैक के शिकार हुए। उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया पर दिल का दौरा इतना तेज था कि डाक्टर कुछ नहीं कर पाए। उनका देहांत हो चुका था। उमेश को दिल की दिक्कत पहले से थी।
उन्होंने दिल की सर्जरी भी करवा रखी थी। उनके पीछे उनकी पत्नी और उनकी बिटिया हैं। भड़ास4मीडिया उमेश के आकस्मिक निधन पर शोक व्यक्त करता है।