गुजरात के मेहसाणा में भास्कर ग्रुप ने एक और संस्करण लांच कर दिया है। 14 सितंबर को दिव्य भास्कर यहां मार्केट में आ गया। एक लाख कापियों से ज्यादा प्रसार संख्या वाला यह एडीशन हर एक छोटे से छोटे स्थान को कवर करेगा। इसके आठ एडीशन होंगे। 13 सितंबर की शाम को लांचिंग के लिए एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया जिसका उदघाटन विधानसभा अध्यक्ष अशोक भट्ट ने किया। इस समारोह में कई मंत्री और नामी गिरामी लोग शामिल थे। दिव्य भास्कर की तरफ से सीओओ अश्विनी अग्रवाल, सीनियर जनरल मैनेजर धर्मेंद्र मिश्रा, स्टेट डिप्टी जनरल मैनेजर सरकुलेशन सुरेंद्र मिश्रा, अहमदाबाद के रेजीडेंट एडीटर अजय उमत और मेहसाणा के यूनिट हेड पंकज पांडेय आदि उपस्थित थे।
दैनिक हिंदुस्तान अब आगरा और मेरठ मंडल में भी, दैनिक भास्कर लुधियाना के दो विकेट गिरे
पिछले कई दशक से यूपी के आगरा मंडल में सिर्फ दो समाचार पत्रों दैनिक जागरण और अमर उजाला का वर्चस्व है। एक वर्ष पहले आगरा की सरजमीं पर दैनिक हिंदुस्तान अखबार ने दस्तक दी। अब यह अखबार पूरे मंडल में पैर पसारने की तैयारी कर रहा है। इसी माह में आगरा के आसपास के जिलों के लिए भी यह अखबार अपना एडीशन निकालेगा। हालांकि इसके लिए अभी कोई तारीख घोषित नहीं की गई है लेकिन स्थानीय मीडिया जगत में हलचल मच गई है। जिले के पत्रकारों की मांग भी अचानक बढ़ गई है। दैनिक हिंदुस्तान का स्थानीय प्रबंधन अच्छे पत्रकारों को इन जिलों के लिए अपने पाले में लाने में जुटा हुआ है। कुछ ऐसा ही मेरठ मंडल के साथ भी है। यहां भी दैनिक हिंदुस्तान अभी तक सिर्फ मेरठ शहर तक सीमित है। जल्द ही इसका पूरे पश्चिमी यूपी के लिए संस्करण शुरू होने वाला है जिसके तहत वेस्ट यूपी के हर जिले का एडीशन प्रकाशित किया जाएगा। इसके लिए मेरठ मंडल के जिलों में दैनिक हिंदुस्तान ने पत्रकारों की नियुक्तियां शुरू कर दी है।
दैनिक भास्कर, लुधियाना के दो विकेट गिरे हैं। यहां से सब एडीटर सुरेंद्र बहादुर सिंह और रिपोर्टर नितिन यादव ने इस्तीफा देकर दैनिक हिंदुस्तान, मेरठ में ज्वाइऩ किया है।