ईटीवी के न्यूज चैनलों पर एक माह से ‘सेंट्रल हाल’ नामक कार्यक्रम प्रसारित किया जा रहा है। इस प्रोग्राम का कॉन्सेप्ट संसद के सेन्ट्रल हॉल में होने वाली बहसों पर आधारित है। सेंट्रल हॉल वो स्थान है जहां मौजूदा व भूतपूर्व केन्द्रीय मंत्री, सांसद व संसद कवर करने वाले वरिष्ठ पत्रकार फुर्सत के क्षणों में बैठकर बातचीत करते हैं। प्रोग्राम के लिये संसद के सेंट्रल हॉल जैसा सेट जैन स्टूडियो में तैयार किया गया है। कार्यक्रम का संचालन राजनैतिक पत्रकारिता में 30 साल का अनुभव रखने वाले हरिशंकर व्यास कर रहे हैं।
कार्यक्रम के कार्यकारी निर्माता अजीत द्विवेदी हैं। अजीत की टीम में नीरज शर्मा, कमलेश सिंह, शिवेश गर्ग और देवेश वशिष्ठ शामिल हैं। हरिशंकर व्यास जनसत्ता को लांच कराने वाली कोर टीम के सदस्य रहे हैं और 13 साल तक संपादक समाचार जैसी वरिष्ठ जिम्मेदारी निभाई है। पंजाब केसरी समेत कई अखबारों में छपने वाले ‘गपशप’ कॉलम के लिए मशहूर हरिशंकर व्यास के इस प्रोग्राम में भी गपशप सेगमेन्ट रखा गया है जो अंदरूनी चुनावी खबरों के लिए पसंद
किया जा रहा है। कार्यक्रम में गपशप के अलावा चुनावी सुर्खियां और खुलासा भी सेगमेंट हैं। हर एपीसोड में राजनैतिक नेताओं और वरिष्ठ पत्रकारों के साथ चुनावी मुद्दों पर बहस होती है।
सेंट्रल हॉल में अब तक शामिल महत्वपूर्ण नेताओं में भाजपा की सुषमा स्वराज, मुख्तार अब्बास नक़वी, शहनवाज हुसैन, जदयू के शरद यादव, केसी त्यागी, एनसीपी के डीपी त्रिपाठी, लोकदल के अजीत सिंह, कांग्रेस के मोहन प्रकाश और देवेन्द्र द्विवेदी सरीखे नेता हैं।
सेन्ट्रल हॉल प्रोग्राम ईटीवी-राजस्थान, ईटीवी- उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड, ईटीवी- बिहार व झारखंड, ईटीवी- मध्यप्रदेश व छतीसगढ चैनलों पर सोमवार से शनिवार शाम साढे आठ बजे एक साथ प्रसारित होता है। इसका रीपिट प्रसारण रात साढे ग्यारह बजे होता है। यही प्रोग्राम उर्दू में ट्रांसलेट होकर उर्दू के नंबर एक चैनल ईटीवी उर्दू पर भी रोजाना रात साढे दस बजे प्रसारित हो रहा है। सेंट्रल हॉल को शुरू हुए एक महीना हो गया है। चुनाव और राजनैतिक प्रोग्रामों में सेंट्रल हॉल की लोकप्रियता सप्ताह-दर-सप्ताह बढी है।











