फैजाबाद में पिछले दिनों एक फर्जी रिपोर्टर पकड़ा गया। यह खुद को न्यूज़ चैनल ‘आज तक’ का रिपोर्टर बताकर समाचार संकलित कर रहा था। गिरफ्तार युवक का नाम प्रवीण श्रीवास्तव है। प्रवीण का कहना है कि उसे लखनऊ में किन्हीं संजय अरोड़ा ने 10 हजार रुपये लेकर आज तक का फैजाबाद संवाददाता नियुक्त करते हुए आईकार्ड बनाकर दिया था। ये दोनों लखनऊ के जापलिंग रोड से अपना धंधा संचालित करते हैं। संजय अरोड़ा के बारे में प्रवीण ने बताया कि वह लखनऊ के डालीगंज इलाके में रहता है।
पुलिस को प्रवीण के बारे में सूचना आज तक के फैजाबाद के अधिकृत प्रतिनिधि बनवीर सिंह के जरिए मिली। बनवीर ने प्रवीण के खिलाफ जो रिपोर्ट लिखाई है, उसमें कहा है कि उन्हें आज तक के एक फर्जी संवाददाता के बारे में कई दिनों से खबर मिल रही थी लेकिन उसका पता नहीं लग पा रहा था। बाद में कुछ लोगों की मदद से वे प्रवीण श्रीवास्तव को पकड़ने में कामयाब हुए। प्रवीण के पास कैमरा भी था। बाद में बनवीर ने प्रवीण को पुलिस के हवाले कर दिया।











