देश के पूर्व क्रिकेटर और भाजपा के वरिष्ठ सांसद कीर्ति आजाद ने कहा है कि राज्य सभा में महिला आरक्षण विधेयक पारित होने का सारा श्रेय भाजपा और वामदलों को जाता है। यदि हमलोग इस मसले पर कांग्रेस को समर्थन नहीं करते, तो यह विधेयक कभी पास नहीं हो पाता। महिला आरक्षण विधेयक हमारे पूर्व प्रधानमंत्री अटल विहारी बाजपेयी का सपना था, जिसे सोनिया गांधी ने पूरा किया। श्री आजाद ने यह दावा देश के एकमात्र बहुभाषी पुरबिया चैनल “हमार टीवी” के ख़ास कार्यक्रम “हमार बातचीत” में चर्चा के दौरान की। श्री आजाद ने पहली बार किसी चैनल पर मैथिली भाषा में बातचीत की।
इस कार्यक्रम को विस्तृत तौर पर रविवार, 14 मार्च को रात्रि 8 बजे “हमार टीवी” पर देखा जा सकता है। “हमार बातचीत” को एनई टीवी समूह के उपाध्यक्ष (समाचार) और समूह के वरिष्ठ संपादक कुमार राकेश प्रस्तुत कर रहे हैं। कार्यक्रम के निर्माता दिलीप सिंह हैं। “हमार बातचीत” में श्री आजाद ने बिहार के नीतीश सरकार की जहां तारीफ की, वहीं प्रदेश में भाजपा संगठन को जर्जर स्थिति में बताया। उन्होंने कहा- नीतिश सरकार तो अच्छा काम कर रही है, लेकिन हमारी पार्टी की स्थिति काफी खराब है। खेल संगठनों पर राजनेताओं के हावी होने को उन्होंने गलत बताया।
क्रिकेट क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ऑफ इंडिया के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री शरद पवार की उन्होंने जमकर खिंचाई की। उन्होंने कहा- जहां तक मुझे मालूम है, शरद पवार के नाना क्रिकेट खेलते थे। अपनी पार्टी के वरिष्ठ नेता अरूण जेटली और डीडीसीए विवाद प्रकरण पर उन्होंने अपनी शैली में अरूण जेटली को भी नहीं बख्शा। उन्होंने कहा कि यदि डीडीसीए में गड़बड़ी है और अरूण जेटली का उससे जुड़ाव है तो उनसे मेरी लड़ाई है। इसके अलावा श्री आजाद नें केंद्र सरकार, बिहार सरकार, नये भाजपा अध्यक्ष गड़करी, केंद्रीय भाजपा में उठापटक आदि को लेकर विस्तृत चर्चा की। प्रेस विज्ञप्ति











